दुमका। गाय के बछ़ड़े निकालने के लिए कुंए में उतरे दो लोगों की दम घुंटने से मौत शनिवार को हो गई। घटना जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र के सिल्फर गांव की है। जानकारी के अनुसार हंसडीहा थाना क्षेत्र के सिल्फर गांव निवासी सुदेश महतो की गाय का बछड़ा कुएं में गिर गया था। उसे निकालने के लिए सुदेश रस्सी के सहारे सीढ़ी लगाकर कुएं में उतर गया। कुछ देर बाद उसने अपनी पत्नी से कहा कि कुएं के अंदर बहुत गैस बना हुआ है। मेरा दम भी घुट रहा है। इतना बोलते ही सीढ़ी पर खड़ा सुदेश बेहोश होकर कुएं में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गयी। परिजनों और आसपास के लोगों के शोर मचाने पर ग्रामीण जुट गये। तभी भीड़ में से ही एक युवक रामजीवन ने हिम्मत दिखाते हुए सुदेश को बचाने रस्से के सहारे कुएं में उतरा, लेकिन उतरने के कुछ देर बाद भी रामजीवन भी बेहोश होकर कुएं में गिर गया। इससे उसकी भी मौत हो गई। रामजीवन सरैयाहाट थाना क्षेत्र के बढ़ैत गांव का रहने वाला था। वह कुछ महीने से अपनी ससुराल सिल्फर गांव में रह रहा था। इसी दौरान बछड़े की भी मौत हो गयी। घटना की सूचना लोगों ने हंसडीहा पुलिस को दी। मौके पर एएसआई सुनील कुमार आजाद, अनुरंजन मिंज पुलिस बल के साथ पहुंचे और घटना की जानकारी एसपी को दी। एसपी के आदेश पर एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है। एनडीआरएफ की टीम को पहुंचने के बाद ही बछड़े और दोनों के शवों को कुएं से निकाला जायेगा।
This post has already been read 7480 times!