हरियाणा में अब परिवारों की नहीं जनता की सरकार हैः जेपी नड्डा

गुरुग्राम। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बुधवार को कहा कि हरियाणा में  भ्रष्टाचार और अनाचार में डूबे कतिपय परिवारों की सरकारें होती थीं। अब हरियाणा में जनता की सरकार है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल की जनहितकारी नीतियों ने प्रदेश की दिशा और दशा बदल दी है।

उन्होंने यह बात मुख्यमंत्री मनोहर लाल की जन आशीर्वाद यात्रा के गुरुग्राम  प्रवेश के मौके पर भूतेश्वर मंदिर चौक पर आयोजित जनसभा में कही। जनसभा का आयोजन विधायक उमेश अग्रवाल ने किया। इससे पहले उन्होंने श्री शीतला माता मंदिर में दर्शन किए। भाजपा नेता नड्डा ने कहा कि तेज गर्मी के बावजूद यहां पहुंचा जनसमूह निश्चिततौर पर मुख्यमंत्री को दोबारा  सरकार बनाने का आशीर्वाद देने आया है। जनता विधानसभा चुनाव में भाजपा को भारी बहुमत से जिताएगी।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जात-पांत में बंटे हरियाणा को एकसूत्र में पिरोया है। सीएम मनोहर लाल सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास की सोच को लेकर चले हैं। उन्होंने कहा, हरियाणा में देश का सबसे बड़ा कैंसर संस्थान 2052 करोड़ रुपये की लागत से बाढसा में बनाया गया है। मनेठी को 1250 करोड़ रुपये की लागत से एम्स दिया गया है। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि अब सिर्फ दो वर्ग हैं-एक गरीब तथा दूसरा गरीबी उन्मूलन में सहयोग देने वाला।

गुरुग्राम का विकास करके मनोहर लाल ने प्रदेश के विकास को गति दी है क्योंकि गुरुग्राम हरियाणा की वो आर्थिक राजधानी है जो गरीबी उन्मूलन में सहयोग दे रही है। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री एवं हरियाणा भाजपा के चुनाव प्रभारी नरेंद्र सिंह तोमर, हरियाणा प्रभारी एवं भाजपा राष्ट्रीय महासचिव डा. अनिल जैन, भाजपा राष्ट्रीय सचिव सुधा यादव, केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, करनाल से सांसद संजय भाटिया, हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला भी मौजूद थे। प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री एवं बादशाहपुर के विधायक राव नरबीर सिंह पहले से ही मुख्यमंत्री के साथ यात्रा में चल रहे थे। गुरुग्राम के विधायक उमेश अग्रवाल तथा पटौदी हरि मंदिर आश्रम के महामण्डलेश्वर स्वामी धर्मदेव भी मंच पर उपस्थित थे। 
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने विपक्षी दलों पर चुटकी लेते हुए कहा कि जो शुरू में हमें अनाड़ी और अनुभवहीन कहते थे, वे ही अब हमें राजनीति का खिलाड़ी बताने लगे हैं। 

This post has already been read 6139 times!

Sharing this

Related posts