कोलकाता । भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने शनिवार को सत्तारूढ़ तृणमूल की मुखिया ममता बनर्जी पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र खत्म हो चुका है और मुख्यमंत्री के शासनकाल में जंगलराज कायम किया गया है। तमाम तरह की राजनीतिक हिंसा में राज्य में मारे गए पार्टी के 80 कार्यकर्ताओं के लिए शनिवार को कोलकाता के बाबू घाट में तर्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में खुद जेपी नड्डा ने अपने हाथों से पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं के नाम पुष्पांजलि देकर तर्पण किया।
यहां बनाए गए मंच से नड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री के शासनकाल में पश्चिम बंगाल में चारों तरफ जंगलराज है। जिस पुलिस को सुरक्षा करनी चाहिए वहीं पुलिस भक्षक बन गई है। राज्य में भाजपा कार्यकर्ता भय के माहौल में जी रहे हैं। यहां कानून व्यवस्था पूरी तरह से खत्म हो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि अभी तक भाजपा के 80 कार्यकर्ताओं को राजनीतिक कारणों से मौत के घाट उतारा गया है। करीब 1000 भाजपा कार्यकर्ता घर छोड़कर फरार होने को मजबूर हैं। लेकिन बार-बार शिकायत करने के बावजूद पुलिस किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं करती है।
उन्होंने कहा कि हाल के समय में पश्चिम बंगाल के लोगों ने भाजपा पर जबरदस्त भरोसा जताया है। इसकी वजह से मुख्यमंत्री के पैरों तले से जमीन खिसक गई है। इसी कारण से लोकतांत्रिक प्रक्रिया को छोड़कर हिंसा का सहारा ले रही हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के इशारे पर पुलिस समेत अन्य सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल भाजपा के खिलाफ किया जा रहा है।
बाबू घाट में आयोजित तर्पण कार्यक्रम में पार्टी के विभिन्न हिस्से में शहीद हुए कार्यकर्ताओं के परिजनों को बुलाया गया था। हिंदू रीतिरिवाज से नड्डा ने सभी कार्यकर्ता के नाम पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
This post has already been read 6843 times!