भय, उग्रवाद एवं भ्रष्टाचार से मुक्त राज्य बनाना सरकार की प्राथमिकता : रघुवर दास

रांची । मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि झारखण्ड राज्य कर्मचारी चयन आयोग ने पुलिस अवर निरीक्षकों की बहाली पारदर्शी, भ्रष्टाचार मुक्त और विवादरहित तरीके से की है। यह वर्तमान सरकार की भ्रष्टाचारमुक्त व पारदर्शी शासन का एक शानदार उदाहरण है। आज ढाई हजार नवनियुक्त पुलिस अवर निरीक्षकों की नियुक्ति हुई। इसमें गरीब, किसान, मजदूर, छोटे व्यवसायी, अल्पसंख्यक समुदाय एवं जनजातीय समुदाय के बच्चों को भी उनकी प्रतिभा के आधार पर पुलिस पदाधिकारी की नौकरी बिना किसी पैरवी या पहुंच के मिली हुई है। 

बुधवार को मुख्यमंत्री दास हजारीबाग में आयोजित पुलिस अवर निरीक्षकों की पारण परेड समारोह को संबोधित कर रहे थे। सभी नवनियुक्त पुलिस अवर निरीक्षकों को नियुक्त होने पर बधाई देते मुख्यमंत्री ने कहा कि आप से अपेक्षा की जाती है कि आप जनता के साथ अपना मधुर संबंध बनायेंगे और समाज की सेवा पूरी ईमानदारी के साथ करेंगे। पूरी निष्ठा के साथ इस राज्य की सेवा में तत्पर हो जायें। उन्होंने कहा कि राज्य को भयमुक्त व उग्रवाद मुक्त बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए झारखण्ड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने में अपना योगदान दें।

भयमुक्त, उग्रवाद मुक्त एवं भ्रष्टाचार मुक्त राज्य बनाना सरकार की प्राथमिकता है। पारण परेड समारोह की कमान जितेन्द्र सिंह ने संभाली एवं सेकेंड इन कमांड में ज्योत्सना महतो थीं। इस अवसर पर कर्नल जेके सिंह एवं वंदना श्रीवास्तव ने अपनी ओजस्वी वाणी से पारण परेड में नव नियुक्तों को ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी। इस मौके पर झारखण्ड पुलिस अकादमी निदेशक टी कंडास्वामी ने 1170 नवनियुक्त अवर निरीक्षकों को कर्तव्य एवं सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई।इस मौके पर सांसद हजारीबाग जयंत सिन्हा, सदर विधायक मनीष जायसवाल, अपर पुलिस महानिदेशक अनिल पालटा, आयुक्त हजारीबाग प्रमण्डल अरविंद कुमार, आरक्षी उप महानिरीक्षण पंकज कम्बोज, उपायुक्त डाॅ. भुवनेश प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक मयूर पटेल मौजूद थे। साथ ही पुलिस के वरीय पदाधिकारीगण एवं सेवानिवृत्त पदाधिकारीगण, नवनियुक्त पुलिस अवर निरीक्षकों के परिजन व गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में एक

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मेरे शासनकाल की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में से एक है। इस जटिल प्रक्रिया को मूर्त रूप देने के लिए गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव एवं अन्य पदाधिकारियों, वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव एवं अन्य पदाधिकारियों को धन्यवाद देता हूं। 

हम गरीब और लाचार लोगों के सेवकः डीजीपी

इस मौके पर पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कमल नयन चौबे ने कहा कि 11 हजार सिपाहियों और 5 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की नियुक्ति एक सकारात्मक पहल है। मुझे उम्मीद है कि जिस प्रकार पुलिस कर्मियों की नियुक्ति हुई है वह बदलाव लाने में सहायक होगा। आज अपराध नियंत्रण बुनियादी जरूरत है। राज्य में नक्सलवाद आज अंतिम पड़ाव पर है। हम आधुनिक तकनीक से लैश हैं। आप सभी प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक राज्य विधि व्यवस्था को और सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

This post has already been read 6282 times!

Sharing this

Related posts