कोलकाता। उत्तर 24 परगना के भाटपाड़ा विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के काफिले के सामने जय श्रीराम का नारा लगाने वाले सात लोगों को गुरुवार रात से शुक्रवार सुबह के बीच पुलिस ने पकड़ लिया। मगर इनमें से किसी की भी गिरफ्तारी नहीं दिखाई गई है। नारेबाजी कर रहे लोगों को गुरुवार को गाड़ी से उतरकर मुख्यमंत्री ने गाली दी थी। मुख्यमंत्री ममत बनर्जी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया था कि इन लोगों का नाम नोट कर उनके खिलाफ कार्रवाई हो। सबके घरों में छापा मारा जाए। मुख्यमंत्री की धमकी के बावजूद लोग डरे नहीं और जय श्रीराम का नारा लगाते रहे। ममता का काफिला गुजरने के बाद पुलिस हरकत में आई और नारेबाजी का वीडियो देखकर लोगों की पहचान करने के बाद रात से दबिश दी। हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं दिखाई गई है। न ही किसी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारी असमंजस में हैं कि जय श्रीराम का नारा लगाने पर कौन सी धारा लगेगी। बैरकपुर पुलिस आयुक्तालय के आयुक्त तन्मय राय चौधरी से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनाव के दौरान ममता के काफिले के सामने जय श्रीराम का नारा लगाने वाले तीन लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया था। इसकी देशभर में आलोचना हुई थी। इसके बाद इन लोगों को छोड़ा गया था।
This post has already been read 6608 times!