रामनवमी को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, ड्रोन और कैमरे से रहेगी शोभायात्रा पर नजर

रांची। राजधानी रांची में पुलिस की ओर से रामनवमी को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। रामनवमी पर्व के मौके पर 12 की रात और 13 अप्रैल को दोपहर में रांची जिले में शोभायात्रा निकाली जाएगी। रांची में निकलने वाली रामनवमी शोभायात्रा में ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी। इसके अलावा अल्बर्ट एक्का चौक, निवारण पूर, एकरा मस्जिद, कर्बला चौक और डोरंडा यूनिस चौक के पास वाच टावर बनाया गया है। टावर पर एक मजिस्ट्रेट एक पुलिस पदाधिकारी और दो -दो पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। 13 अप्रैल को रामनवमी की मुख्य शोभायात्रा और 12 अप्रैल की रात में विभिन्न अखाड़ों से निकलने वाली झांकियों के दौरान विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए डीसी और एसएसपी की ओर से संयुक्त आदेश जारी कर दिया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से रांची जिले को 10 जोन में बांटकर 10 जोनल मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। 16 गश्ती दल बनाए गए हैं। सभी गश्ती दलों में मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारी की नियुक्ति की गई है। शोभा यात्रा के मार्ग के लिए सात मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। जिले में कुल 294 मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई है। सुरक्षा को लेकर 4 आईपीएस, 12 डीएसपी, 50 से अधिक इंस्पेक्टर सहित 3200 जवान सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालेंगे। साथ ही सादे लिबास में पुलिस बलों की तैनाती की गई है। सिटी एसपी सुजाता वीणापाणी और ग्रामीण एसपी आशुतोष शेखर सुरक्षा के प्रभार में रहेंगे ।जबकि डीसी और एसएसपी खुद पूरी सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग करेंगे। सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग के लिए पांच कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। इनमें कचहरी चौक स्थित मुख्य कंपोजिट कंट्रोल रूम के अलावा बेड़ो थाना, नगड़ी थाना, डोरंडा थाना और कांके थाना में कंट्रोल रूम बनाए गए हैं ।सभी जगहों पर डीएसपी स्तर के अधिकारी पुलिस कर्मियों की मूवमेंट पर नजर रखेंगे। एसएसपी अनीश गुप्ता ने शुक्रवार को बताया कि धार्मिक स्थलों में विशेष चौकसी रखने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि शोभायात्रा के दौरान भड़काऊ गाना बजाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साउंड सिस्टम को जब्त करने के साथ संबंधित अखाड़ा धारियों को पर भी कार्रवाई होगी। इसके लिए एक विशेष टीम का गठन भी किया गया है। हुड़दंग करने वालों और माहौल बिगाड़ने वालों पर विशेष नजर होगी। ऐसी गतिविधि दिखाई देते ही संबंधित व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर जिला प्रशासन की नजर रहेगी। रांची पुलिस रामनवमी को लेकर हाई अलर्ट पर है ।खुफिया विभाग की सूचना और सुझाव पर भी काम किया जा रहा है। सभी थानेदारों को विशेष सतर्कता के निर्देश दिए गए है। इसके अलावा राज्यभर में रामनवमी पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

This post has already been read 7616 times!

Sharing this

Related posts