नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीयमंत्री एस. जयपाल रेड्डी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। राष्ट्रपति ने कहा कि रेड्डी के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। वह एक बेहतर सोच वाले राजनेता और एक उत्कृष्ट सांसद थे। उन्होंने रेड्डी के परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
उपराष्ट्रपति नायडू ने ट्वीट कर कहा कि रेड्डी पिछले चार दशकों से उनके मित्र थे और उनके निधन से उन्हें गहरा दुख हुआ है। उन्होंने कहा कि रेड्डी अनुकरणीय संचालक थे और उन्हें 1998 में ‘उत्कृष्ट सांसद पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया था।
प्रधानमंत्री ने ट्विटर पर जारी शोक संदेश में कहा कि जयपाल रेड्डी को सार्वजनिक जीवन में कई वर्षों का अनुभव था। वह एक प्रखर वक्ता और बेहतर प्रशासक थे। उनके निधन से दुखी हूं। उन्होंने दुख की इस घड़ी में दिवंगत नेता के परिजनों और शुभचिंतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि कांग्रेस के दिग्गज नेता रेड्डी के निधन की खबर पाकर बहुत दुख हुआ। एक बेहतरीन सांसद थे और उन्होंने अपना पूरा जीवन जनसेवा में समर्पित कर दिया। उल्लेखनीय है कि 77 वर्षीय जयपाल रेड्डी का शनिवार देररात हैदराबाद के अस्पताल में निधन हो गया था।
This post has already been read 6788 times!