आईपीकेएल : पुणे ने लगाई जीत की हैट्रिक, पांडिचेरी को 47-36 से हराया

पुणे। पहले क्वार्टर में पिछड़ने के बाद बावजूद पुणे प्राइड ने पारले इंडो-इंटरनेशनल प्रीमियर कबड्डी लीग (आईपीकेएल) के पहले सत्र के जोन-ए  के मैच में पांडिचेरी प्रीडेटर्स को 47-36 से मात देकर जीत की हैट्रिक पूरी की।  इससे पहले पुणे ने हरियाणा हीरोज और बेंगलोर राइनोज को हराया था।

शुक्रवार रात बालेवाड़ी स्पोटर्स कॉम्पलेक्स में खेले गए मैच में पुणे के लिए अमरजीत ने सबसे ज्यादा 22 अंक लिए जिसमें से 20 अंक रेड से बाकी दो अंक टैकल से जुटाए। पांडिचेरी के लिए सुरेश कुमार ने सर्वाधिक 13 अंक लिए। इसमें से 12 रेड अंक थे।

पांडिचेरी  ने पहले क्वार्टर की शुरुआत दमदार तरीक से की और  लगातार छह अंक लेकर 6-0 से आगे हो गई। शेख अब्दुल ने सफल रेड कर पुणे का खाता खोला। यहां से अगर पुणे लगातार अंक ले रही थी तो पांडिचेरी  भी पीछे नहीं थी। पुणे ने अंकों के अंतर को कम करते हुए स्कोर 5-8, फिर 7-9 किया। वह हालांकि पांडिचेरी  को पहले क्वार्टर का अंत 12-9 के स्कोर के साथ करने से नहीं रोक पाई।

दूसरे क्वार्टर में पुणे के अमरजीत सिंह ने पांडिचेरी  सुरेश कुमार को बाहर भेज सुपर टैकल से दो अंक जुटा स्कोर 12-12 से बराबर कर दिया। यहां से पुणे ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और पांडिचेरी को पीछे करती चली गई। शेख अब्दुल ने करमबीर और नितिन को बाहर भेज पुणे के खाते में दो अंक डाल उसे 14-12 से आगे कर दिया। देखते-देखते पुणे ने 20-14 की बढ़त ले ली। इस बढ़त को पुणे ने फिर अपने हाथ से जाने नहीं दिया और दूसरे क्वार्टर का अंत 24-19 के स्कोर के साथ किया। इस क्वार्टर में पुणे ने 15 जबकि पांडिचेरी  ने सात अंक जुटाए। पुणे की टीम में अब आत्मविश्वास लौट चुका था। उसने तीसरे क्वार्टर में पांडिचेरी के तमाम प्रयासों के बाद भी अपनी बढ़त को जाने नहीं दिया। इस क्वार्टर में पुणे ने आठ और पांडिचेरी  ने पांच अंक जुटाए। पुणे ने क्वार्टर का अंत 32-24 के स्कोर के साथ किया।

आखिरी क्वार्टर में पुणे को सिर्फ अपनी बढ़त को बनाए रखने था। उसने क्वार्टर शुरु होते ही स्कोर 34-25 कर दिया फिर पांडिचेरी को ऑल आउट कर अपनी बढ़त 37-26 कर ली। इसके बाद उसने अंकों के सिलसिले को जारी रखते हुए पांडिचेरी  को अपने से आगे नहीं आने दिया और जीत हासिल की।

This post has already been read 7165 times!

Sharing this

Related posts