कड़ी सुरक्षा के साथ मतदान कर्मी रवाना, दुर्गम इलाकों में हेलीकॉप्टर से भेजे गये कर्मी

रामगढ़। रामगढ़ जिला में विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में 12 दिसम्बर को होने वाले मतदान कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली है। बुधवार की सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्र तक पहुंचाने की व्यवस्था की गयी। बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के दुर्गम क्षेत्रों में बनाये गये क्लस्टर तक कर्मियों को पहुंचाने के लिए हेलीकॉप्टर सेवा का सहारा लिया गया। रामगढ़ और बड़कागांव विधानसभा में गुरुवार को सुबह 7:00 बजे से मतदान शुरू होना है। मतदान से पूर्व जिला प्रशासन ने समय पर पोलिंग पार्टी को रवाना कर दिया। जिला प्रशासन ने बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के दुर्गम स्थानों पर हेलीकॉप्टर से बुधवार को सुबह 5:00 बजे पोलिंग पार्टियों को भेज दिया। इसके बाद रामगढ़ और पतरातू इलाके में सड़क मार्ग से भेजे जाने वाले पोलिंग पार्टियों को गाड़ियों से भेजा गया। पोलिंग पार्टियों को रास्ते में कहीं दिक्कत न हो और उन्हें जाम की समस्या से बचाने के लिए कई रास्तों पर नो इंट्री जोन बनाया गया। रामगढ़ शहर में सुबह 5:00 बजे से 11:00 बजे तक मेन रोड पर नो एंट्री जोन बनाया गया था।  रामगढ़ कॉलेज में बनाए गए स्ट्रांग रूम से सुभाष चौक तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखे गए थे। इस दौरान डीसी संदीप सिंह ने बताया कि बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के जंगली क्षेत्र में जिन पोलिंग पार्टियों की ड्यूटी लगी थी, उन्हें मंगलवार की रात ही रामगढ़ शहर बुला लिया गया था। इसके अलावा शहर में भी हर क्लस्टर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। एसपी प्रभात कुमार ने बताया कि पोलिंग पार्टियों के साथ सुरक्षा कर्मियों को भी रवाना किया गया है। क्लस्टर से बूथ पर जाने के दौरान हर पोलिंग पार्टी के साथ उनके सुरक्षाकर्मी भी साथ भेज दिये गये हैं। फिलहाल सुरक्षाकर्मियों को और मतदान कर्मियों को क्लस्टर पर रोका गया है। गुरुवार की सुबह 3:00 बजे तक मतदान केंद्र पर इन टीमों को पहुंचाने का जिम्मा सुरक्षाकर्मियों को दिया गया है।

This post has already been read 7471 times!

Sharing this

Related posts