रामगढ़ । मजदूरों एवं विस्थापितों के नेता गहन टुडू की मौत के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने अपने तेवर तल्ख कर दिए हैं। इस मुद्दे पर जेएमएम के केंद्रीय महासचिव फागू बेसरा ने प्रशासन से आर-पार की लड़ाई लड़ने की बात कही है।हत्या के बाद रविवार को उन्होंने कहा कि अगर 24 घंटों के अंदर गहन टुडू के हत्यारे नहीं पकड़े जाते हैं तो पूरे कोयलांचल में चक्का जाम होगा। उन्होंने कहा कि गहन विस्थापितों के नेता के साथ ही झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय समिति सदस्य थे।
साथ ही झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन के जोनल कोषाध्यक्ष भी थे। उन्होंने कहा कि उरीमारी पहाड़ी मंदिर के सामने घर जाने के रास्ते में मोटर साइकिल पर सवार 2 अपराधियों ने गहन को गोली मारी और बड़कागांव के रास्ते भाग गए। यह मजदूरों और विस्थापितों की आवाज को दबाने की कोशिश है। इससे पहले दशई मांझी, सतीश सिन्हा और राजू यादव पर भी हमले हो चुके हैं। इन सभी वारदातों का नतीजा आज तक नहीं निकला, जिसकी वजह से इलाके में अपराधियों का मनोबल काफी बढ़ गया है। इन सभी वारदातों को पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बनकर देख रहा है। उरीमारी इलाके में अपराधियों पर लगाम लगाने में पुलिस पूरी तरीके से नाकाम रही है। यही वजह है कि एक कंपनी के मैनेजर को भी अपराधियों ने अपना निशाना बनाया था।
This post has already been read 7334 times!