एक बार फिर से सत्ते पे सत्ता

मुंबई। 80 के दशक में निर्देशक राज एन सिप्पी ने अमिताभ बच्चन और हेमा मालिनी की केंद्रीय भूमिकाओं वाली फिल्म सत्ते पे सत्ता का निर्माण किया था। इस कामेडी फिल्म में अमिताभ डबल रोल में थे और सात भाईयों की कहानी में शक्ति कपूर, कंवलजीत, सचिन और पेंटल जैसे कलाकारों ने काम किया था। ये फिल्म हालीवुड फिल्म सेवन ब्राइडस फॉर सेवन ब्रदर्स की नकल थी। अब खबर मिल रही है कि सत्ते पे सत्ता को रीमेक किया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, ये रीमेक रोहित शेट्टी की कंपनी में बनने वाली फिल्म में होगा, जिसका निर्देशन फराह खान को सौंपा गया है। रोहित शेट्टी की कंपनी से जुड़े सूत्रों ने इस खबर की पुष्टि करते हुए कहा है कि सही समय पर इस फिल्म की अधिकारिक घोषणा होगी। रोहित शेट्टी अपनी कंपनी में किसी और निर्देशक को फिल्म बनाने का मौका दे रहे हैं। शाहरुख खान के साथ हैप्पी न्यू ईयर के बाद फरहा खान अब निर्देशन के मैदान में वापसी कर रही हैं। फरहा की फिल्म के लिए कास्टिंग का काम अभी शुरु नहीं हुआ है, लेकिन इसे लेकर कई सितारों के नाम की चर्चा है। दूसरी ओर, कई साल पहले सत्ते पे सत्ता का रीमेक करने के लिए संजय दत्त ने भी योजना बनाई थी। संजय दत्त ने अपनी प्रोडक्शन कंपनी में रीमेक राइट्स खरीदे थे। बाद में संजय ने इस रीमेक की योजना को रद्द कर दिया। फरहा की फिल्म के रीमेक में मुख्य भूमिकाओं के लिए रणवीर सिंह, अजय देवगन और अभिषेक बच्चन के नामों की सबसे ज्यादा चर्चा है।

This post has already been read 4624 times!

Sharing this

Related posts