मप्र में लॉ एंड आर्डर का मतलब ‘लो और आर्डर करो’: अमित शाह

सागर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि मध्यप्रदेश में 15 साल तक भाजपा का शासन रहा। भाजपा के शिवराज सिंह चौहान की सरकार में लॉ एंड आर्डर का मतलब रहा है कानून व्यवस्था। अब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार के लिए लॉ एंड आर्डर का मतहल है-‘लो और ऑर्डर करो। यानी घूस लो और काम करो’। शाह ने यह टिप्पणी गुरुवार को यहां बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन में की।
शाह ने प्रदेश की कमलनाथ सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस सरकार की किसान कर्ज माफी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने इसे धोखा बताया। भाजपा नेता ने कहा, चुनाव से पहले कांग्रेस किसानों का कर्ज माफ करने के लिए बड़े-बड़े दावे करती थी, लेकिन अभी तक कर्ज माफी नहीं हुई। मध्यप्रदेश में 50 हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफ करना था और अभी तक पांच हजार करोड़ रुपये का भी कर्ज माफ नहीं किया। कांग्रेस ने प्रदेश के किसानों को छला है।
इस दौरान शाह ने केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आयुष्मान भारत योजना शुरू की है, जिससे गरीबों को पांच लाख रुपये तक का इलाज मुफ्त मिल सकता है, लेकिन मध्यप्रदेश की सरकार इस योजना में भी अड़ंगे लगा रही है। किसानों के लिए केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई ‘पीएम किसान सम्मान निधि’ योजना का लाभ भी अब तक प्रदेश के किसानों को नहीं मिला है, क्योंकि इस योजना के पात्र किसानों की सूची अभी तक मध्य प्रदेश सरकार ने केंद्र सरकार को उपलब्ध नहीं कराई है।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने इस दौरान राहुल गांधी पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल बाबा जरा इतना बता दें कि रबी और खरीफ की कौन सी फसल होती है। उन्हें यह नहीं मालूम कि आलू जमीन के ऊपर होता है या नीचे और वे हमें किसानों के लिए सलाह दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुनिया को दिखा दिया कि भारत की सीमाओं के साथ छेड़छाड़ करने का परिणाम क्या होता है। देश की सेना ने पहले सर्जिकल स्ट्राइक और अब एयर स्ट्राइक कर आतंकवादियों का खात्मा किया और पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों के साथ हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

This post has already been read 7076 times!

Sharing this

Related posts