सुषमा स्वराज की कमी सदैव खलेगीः रघुवर दास


झारखंड मुख्यमंत्री ने किया भावुक ट्वीट

रांची। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि भाजपा की वरिष्ठ नेत्री, प्रखर वक्ता, ममता की प्रतिमूर्ति और बड़ी बहन सुषमा स्वराज के निधन के समाचार से वह स्तब्ध और दुखी हैंं। उनके असामयिक निधन से मन द्रवित है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और हम सभी भाजपा परिवार के कार्यकर्ताओं को यह दुख सहने की शक्ति दे। वे राजनीतिक जीवन की यूनिवर्सिटी थींं, उनकी कमी सदैव खलेगी।
बुधवार को मुख्यमंत्री दास ने काफी भावुक ट्वीट भी किया है। लिखा है, ‘बहन सुषमा स्वराज ने अपना पूरा जीवन राष्ट्रसेवा को समर्पित कर दिया। उनकी कमी हमें सदैव महसूस होगी। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे और उनके परिवार को यह दुःख सहन करने की शक्ति दे।’

झारखंड भाजपा ने रद्द किये सभी कार्यक्रम

सुषमा स्वराज के निधन की खबर से झारखंड राज्य में भी शोक की लहर है। प्रदेश के तमाम नेता और कार्यकर्ता इस खबर से मर्माहत हैं। प्रदेश भाजपा ने बुधवार के सारे तय कार्यक्रम रद्द कर दिये। मुख्यमंत्री आवास पर होने वाली भाजपा विधायक दल की बैठक भी स्थगित कर दी गई। इसके साथ प्रदेश कार्यालय में होने वाली कोर कमेटी की बैठक भी स्थगित कर दी गई।

This post has already been read 6608 times!

Sharing this

Related posts