कांडा बने सुर्खियां, विपक्ष और सोशल मीडिया हुआ भाजपा पर हमलावर

नई दिल्लीहरियाणा में सरकार बनाने के लिए चल रही उठापठक के बीच गीतिका शर्मा आत्महत्या मामले में आरोपित और सिरसा से विधायक बने गोपाल कांडा एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। उनके भाजपा को समर्थन देने और सरकार में शामिल होने की अटकलों के बीच विपक्ष और सोशल मीडिया मुखर हो गया है। कांग्रेस ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का नारा देने वाली भाजपा पर कथनी और करनी में अंतर रखने का आरोप लगाया है। महिला कांग्रेस अधयक्ष सुष्मिता देव ने इस संबंध में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा है कि मीडिया के माध्यम से खबर सामने आ रही है कि गीतिका शर्मा केस के आरोपित गोपाल कांडा अब भाजपा को समर्थन दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस की टीम भाजपा के गोपाल कांडा से गठजोड़ की कड़ी निंदा करती है। बेटी बचाओ के नाम पर दोगलेबाजी कर भाजपा अपनी ही कथनी और करनी में अंतर रखती है। पार्टी ने संवेदनहीनता की हद पार कर दी है। उल्लेखनीय है कि हरियाणा लोकहित पार्टी के एक मात्र जीते विधायक गोपाल कांडा को गुरुवार रात अन्य स्वतंत्र विधायकों के साथ भाजपा सांसद सुनिता दुग्गल पार्टी अध्यक्ष अमित शाह से मिलाने दिल्ली लाई थी। गोपाल कांडा और निर्दलीय विधायकों के साथ सुनिता दुग्गल की विशेष विमान में बैठे हुए एक तस्वीर उसके बाद से वायरल हो रही है। इस तस्वीर को सोशल मीडिया पर भी साझा किया जा रहा है। इसी बीच वरिष्ठ भाजपा नेता उमा भारती ने पार्टी से गोपाल कांडा का समर्थन नहीं लेने का अनुरोध किया है। उमा ने ट्वीट कर कहा कि गोपाल कांडा बेक़सूर हैं या अपराधी, यह तो क़ानून साक्ष्यों के आधार पर तय करेगा, किंतु उसका चुनाव जीतना उसे अपराधों से बरी नहीं करता। उमा ने कहा कि वह भाजपा से अनुरोध करती हैं कि हम अपने नैतिक अधिष्ठान न भूलें। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पास नरेन्द्र मोदी जैसी शक्ति मौजूद है और देश क्या पूरे दुनिया की जनता मोदी के साथ है तथा मोदी जी ने सतोगुणी ऊर्जा के आधार पर राष्ट्रवाद की शक्ति खड़ी कीहै। हरियाणा में हमारी सरकार जरूर बने लेकिन यह तय करिए कि जैसे भाजपा के कार्यकर्ता साफ-सुथरी जिंदगी के होते हैं, हमारे साथ वैसे ही लोग हों।” इधर आज सुबह से ही सोशल साइट ट्विटर पर हैशटैग गोपाल गांडा ट्रेंड कर रहा है। ट्विटर उपयोगकर्ता भाजपा नेताओं की पुरानी तस्वीरें और उनके बयान साझा कर रहे हैं जब वह गोपाल कांडा के खिलाफ मुखर थे। दिल्ली भाजपा ने 2012 में कांडा के खिलाफ मार्च निकाला था और उसकी गिरफ्तारी की मांग की थी। इसके अलावा गीतिका शर्मा का हस्तलिखित सुसाइड नोट भी वायरल हो रहा है, जिसमें उसने कांडा को दोषी ठहराया था। गीतिका शर्मा के भाई अंकित शर्मा ने कहा कि यह दुखद है कि एक अपराधी को सरकार बनाने में शामिल किया जा रहा है। वह पिछले सात साल से तकलीफ झेल रहे हैं, जबकि कांडा को कोर्ट में वीआईपी ट्रिटमेंट मिल रहा है।उन्होंने कहा कि वह राजनीतिक दलों से कांडा का समर्थन हासिल करने से पहले उसका अतीत देखने का अनुरोध करते हैं। हरियाणा में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का नारा दिया जा रहा है उन्हें लगता है कि इन परिस्थितियों में यह पूरी तरह से फेक है। शिवसेना की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने ट्वीट किया कि महिलाएं भारत की 50 प्रतिशत आबादी है, वे बड़ी संख्या में मतदान करने के लिए निकल रही हैं, महिलाएं सत्ता में आने वाली पार्टियों में महत्व रखती हैं। यदि हम उनकी भावनाओं की अवहेलना करते हैं और इसे राजनीति और सत्ता की वेदी पर बलिदान करते हैं, तो एक कीमत है जिसे उचित समय में भुगतान करना होगा। गोपाल कांडा ने 2012 में अपनी विमानन कंपनी के लिए काम करने वाली एयर होस्टेस की खुदकुशी का आरोप लगाने के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था। 53 वर्षीय व्यवसायी-राजनेता पहले एक असफल जूता व्यवसाय के कारण कर्ज में डूबा हुआ था। 1998 में रियल एस्टेट के कारोबार में उतरने के बाद उसने अपना भाग्य फिर से बनाया। 2007 में केंद्र ने हरियाणा सरकार से कहा कि वह उसकी कार में चार वांछित अपराधियों के साथ पकड़े जाने के मामले में जांच करे। कांडा इंडियन नेशनल लोकदल (आईएनएलडी) के साथ जुड़े थे जब उन्होंने 2009 में हरियाणा चुनाव लड़ने का फैसला किया।

This post has already been read 7823 times!

Sharing this

Related posts