भारी बर्फबारी, छह एनएच सहित 300 सड़कें बंद

शिमला। हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में  शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन भी बर्फबारी हुई है।  शिमला, कुल्लू, चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों के विभिन्न क्षेत्रों में सफेद चादर बिछ गई है। शिमला में दोपहर बाद हुई बर्फबारी का पर्यटकों ने खूब लुत्फ उठाया। बर्फबारी की वजह से छह एनएच और 300 सड़कें बंद हो गई हैं। परिवहन व्यवस्था चरमरा गई है। शिमला के ऊपरी क्षेत्रों के मुख्य व संपर्क मार्ग बंद हो गए हैं। डल्हौजी, कुल्लू, लाहौल-स्पीति व किन्नौर के कई इलाकों का जिला मुख्यालयों से संपर्क कट गया है। इन इलाकों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। लोकनिर्माण विभाग ने कहा है कि भारी बर्फबारी से प्रदेश में छह नेशनल हाइवे सहित 300 सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। इनमें 129 सड़कें अकेले शिमला जोन की हैं। शिमला के रामपुर सर्कल में 88 और रोहड़ू में 36 सड़कें बर्फबारी से बाधित हैं। कांगड़ा जोन में 121 सड़कें शुक्रवार को बंद रहीं, इनमें डल्हौजी सर्कल की 118 सड़कें शामिल हैं। मंडी जोन की 42 सड़कें अवरुद्व हैं और इनमें कुल्लू सर्कल की 25 सड़कें सम्मिलत हैं। लोकनिर्माण विभाग ने सड़कें खोलने के लिए 244 से अधिक मशीनें भेजी हैं। बर्फबारी से विभाग को दो दिन में 12 करोड़ रुपये की क्षति हुई है।  बर्फबारी से प्रदेश में कई जगह वाहन फंस गए हैं। इनमें एचआरटीसी की बसें भी शामिल हैं। अप्पर शिमला में बर्फबारी से शिमला डिविजन के 93 बस रूट बंद हैं। रोहडू, नारकड़ा, खड़ापत्थर, नेरवा, चैपाल आदि क्षेत्रों में भारी बर्फबारी होने से 22 बसें फंस गई हैं। मौसम विभाग केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि बीते 24 घंटों के दौरान कोठी में सर्वाधिक 75 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई है। खरदाला में 57, कल्पा में 23, केलंग में 13, मनाली व छतराड़ी में 12 सेंटीमीटर बर्फ गिरी है। अगले 24 घंटों तक बर्फबारी होने की संभावना है।  निचले व मैदानी हिस्सों में वर्षा होगी। मैदानी इलाकों में 15 दिसम्बर तथा मध्यपर्वतीय व उच्च पर्वतीय हिस्सों में 16 दिसम्बर को मौसम साफ हो जाएगा।

This post has already been read 7872 times!

Sharing this

Related posts