जेपी नड्डा ने दिया टास्क, झारखंड में अबकी बार 65 पार

रांची। लोकसभा चुनाव परिणाम से उत्साहित भाजपा ने अब झारखंड में विधानसभा चुनाव में जुटने की  तैयारी शुरू कर दी है। झारखंड में नयी विधानसभा का गठन दिसम्बर के अंत तक होना है। 

भाजपा का लक्ष्य इस बार राज्य की कुल 81 विधानसभा सीटों में से 65 से अधिक सीटें जीतने का है। पार्टी का शीर्ष नेतृत्व 2019 के विधानसभा चुनाव में पिछली बार से भी प्रचंड जीत के साथ सत्ता पर काबिज होना चाहती है। इसी कड़ी में भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा गत दिनों झारखंड आये और दो दिनों तक पार्टी पदाधिकारियों के साथ रणनीति बनाई और टिप्स दिए।

‘सब मेरे मैं सबका’ इस सूत्र वाक्य के साथ भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा प्रदेश संगठन में नई ऊर्जा का संचार कर गये। साथ ही सूबे के नेताओं को विधानसभा चुनाव में 65 प्लस सीटें जीतने का बड़ा टास्क दिया। इसके लिए झारखंड में 25 लाख नये सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया।

उन्होंने विधायकों को सदस्यता अभियान के रास्ते से चलकर चुनाव जीतने का मंत्र बताया। सांसदों को ज्यादा से ज्यादा सदस्य बनाने के साथ क्षेत्र में जनता से रूबरू होने की नसीहत दी। कार्यकारी अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से मिलकर उनका खूब उत्साह बढ़ाया। बुद्धिजीवियों से मिलकर पार्टी की नीति, रीति व संदेश, मोदी सरकार की सफलता और पुनर्वापसी का राज साझा किया।

कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेवारी संभालने के बाद जेपी नड्डा का यह पहला झारखंड दौरा था। अब विधानसभा चुनाव तक उनका दौरा होता रहेगा। अगले छह महीने के अंदर जिन राज्यों के विधानसभा चुनाव होने हैं, उनमें झारखंड भी एक है। लोकसभा में शानदार जीत के बाद भाजपा का हौसला बुलंद है और इसी हौसले के साथ झारखंड विधानसभा जीतने के लिए भाजपा ने अपना लक्ष्य एक महीना पहले दिल्ली में कोर कमेटी की बैठक में तय किया है। विधानसभा की 81 में 65 से ज्यादा सीटें जीतने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही भाजपा ऊपर से नीचे तक के कार्यकर्ताओं को पसीना बहाने का घुट्टी पिलाने में जुट गयी है। झारखंड आये नड्डा अपने दो दिनों के प्रवास में स्पष्ट कहा कि कार्यकर्ता, विधायक और सांसद जनता से जुड़े रहें इसके लिए उन्होंने कई टिप्स भी दिये। उन्होंने कहा है कि सबके पास जाइये, सबसे मिलिए। जिनका काम किया या जिनका नहीं किया, सबसे मिलें। सब मेरे, मैं सबका, इसी सूत्र वाक्य को अपनाइए।

जेपी नड्‌डा ने पार्टी सांसदों, विधायकों, पदाधिकारियों को सदस्यता अभियान से जुड़ने का निर्देश दिया। बूथ स्तर पर होने वाली एक्टिविटी को पूरा करने का भी टास्क दिया। कोर कमेटी और पदाधिकारियों के साथ बैठक के बहाने कार्यकर्ताओं, नेताओं को विधानसभा की तैयारियों में जुट जाने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं पर फोकस करते हुए कहा कि केन्द्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार है। भाजपा का परिवार कार्यकर्ताओं का परिवार है। पार्टी नहीं कार्यकर्ता ही सरकार चला रहे हैं। ऐसे में सरकार के कार्यों, योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी कार्यकर्ताओं की है। 

उन्होंने कहा कि विश्व की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा है। यह कार्यकर्ताओं की बदौलत है। 2019 में कार्यकर्ताओं ने जी जान से केन्द्र में सरकार बनाने का काम किया। अब अगले चार माह का समय एक बार फिर कार्यकर्ताओं को पार्टी को देना है। चार माह की मेहनत की बदौलत झारखंड में पार्टी फिर से सरकार बनाएगी। 

This post has already been read 13576 times!

Sharing this

Related posts