झारखंड में द्वितीय चरण के चुनाव के लिए 225 कंपनी सुरक्षाबलों की होगी तैनाती

रांची। देश में पांचवें चरण और झारखंड के द्वितीय चरण के लोकसभा चुनाव की सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए है। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए 225 कंपनी जवान लगाए जाएंगे। द्वितीय चरण में 6 मई को रांची, खूंटी,कोडरमा और हजारीबाग में मतदान होना है। इसके लिए चुनाव आयोग के निर्देश पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। द्वितीय चरण में कुल 173 कंपनी केंद्रीय सुरक्षा बल (सीआरपीएफ) और झारखंड पुलिस के 52 कंपनी को लगाया गया है। जिन 173 कंपनी केंद्रीय बलों को प्रतिनियुक्त की गयी है, उनमें 90 कंपनी बल झारखंड के बाहर के हैं।जबकि 83 कंपनी बल झारखंड के भीतर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तैनात बल है। 52 कंपनी बल झारखंड सशस्त्र बल और इंडियन रिजर्व बटालियन के है। राज्य में घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में मतदान कर्मियों के लिए हेली ड्रॉपिंग की सुविधा दी गई है। जिन चार संसदीय सीटों पर 6 मई को मतदान होना है उनमें अति संवेदनशील 40 बूथों के लिए 10 कलस्टर का चयन किया गया है। इन जगहों पर मतदान कर्मियों की हैली ड्रॉपिंग की जाएगी ।इस दौरान झारखंड में तीन हेलीकॉप्टर का प्रयोग किया जाएगा। पुलिस मुख्यालय सूत्रों के अनुसार 225 कंपनी सुरक्षाबलों के अलावा 15000 पुलिसकर्मी और 5000 होमगार्ड जवानों की तैनाती की गई है। आईजी अभियान सह राज्य पुलिस प्रवक्ता आशीष बत्रा ने शनिवार को बताया कि लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। संवेदनशील बूथों के लिए हेलीकॉप्टर का प्रयोग किया जाएगा।

This post has already been read 6353 times!

Sharing this

Related posts