उरीमारी में दिनदहाड़े विस्थापित नेता की गोली मारकर हत्या

रामगढ़। हजारीबाग जिले के उरीमारी में रविवार की दिनदहाड़े विस्थापित नेता गहन टुडू की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले की पुष्टि उरीमारी थाना प्रभारी इसरार अहमद ने की है।उन्होंने बताया कि जर्जरा गांव निवासी गहन टुडू अपने गांव के ही पहाड़ी मंदिर के पास खड़े होकर कुछ लोगों से बात कर रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार दो अपराधी वहां पर पहुंचे और उन्होंने गहन टुडू पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। अपराधियों ने कुल 4 गोली मारी जिसमें एक गोली गहन टुडू के गर्दन में लगी। थाना प्रभारी ने बताया कि ग्रामीणों के सहयोग से तत्काल उन्हें इलाज के लिए रांची स्थित मेदांता अस्पताल में ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद उरीमारी क्षेत्र में तनाव का माहौल है। विस्थापित नेता की हत्या के बाद उरीमारी परियोजना में काम कर रहे मजदूरों ने विरोध प्रदर्शन भी किया।  

झारखंड मुक्ति मोर्चा से भी जुड़े हुए थे गहन 

उरीमारी में विस्थापित संघर्ष मोर्चा को दिशा देने वाले गहन झारखंड मुक्ति मोर्चा के भी नेता थे। पूरे इलाके में कहीं भी मजदूरों और विस्थापित ग्रामीणों को समस्या होती तो सबसे पहले लड़ाई लड़ने गहन टुडू ही आते थे। 

पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा

 गहन टुडू की हत्या के बाद उरीमारी पुलिस ने पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। हर चौक-चौराहे पर वाहनों की जांच की जा रही है। साथ ही अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने विशेष अभियान शुरू कर दिया है। थाना प्रभारी इसरार अहमद ने बताया कि पूरे इलाके को शांत करने के लिए अतिरिक्त पुलिस फोर्स भी बुलाई जा रही है। 

This post has already been read 7629 times!

Sharing this

Related posts