रघुवर, हेमंत, बाबूलाल की साख दांव पर, कई अन्य दिग्गजों की भी अग्निपरीक्षा

रांची। विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं। झारखंड में सियासी फिजा पूरी तरह बदल चुकी है। सत्तापक्ष और विपक्षी दलों के उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतर चुके हैं। एक-दूसरे के खिलाफ सियासी हमले तेज हो गए हैं। जनता को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए वायदे किए जा रहे हैं।जहां एक ओर विपक्षी दलों ने एकजुट होकर भाजपा को शिकस्त देने की रणनीति बनाई है। भाजपा ने अपने दम पर ही मिशन 65 पार के लक्ष्य को हासिल करने के लिए कुछ नए और पुराने चेहरों की बदौलत महागठबंधन को पराजित करने की रणनीति बनाई है। इन सबके बीच विधानसभा चुनाव में झारखंड के तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों सहित कई अन्य दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर है।इस विधानसभा चुनाव में तीन पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, हेमंत सोरेन और मुख्यमंत्री रघुवर दास चुनाव मैदान में हैं। इसके अलावा कई अन्य कद्दावर नेताओं के लिए खुद को साबित करने की चुनौती है।

इसबार मुख्यमंत्री रघुवर दास को जमशेदपुर पूर्वी से कड़ी टक्कर मिलने की प्रबल संभावना है क्योंकि उनके ही मंत्रिमंडल में साथ रहे भाजपा के कद्दावर नेता सरयू राय से उनका मुख्य मुकाबला है। इधर, झारखंड विकास मोर्चा सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी राजधनवार से चुनाव लड़ रहे हैं। उनको भाजपा उम्मीदवार लक्ष्मण सिंह, महागठबंधन से झारखंड मुक्ति मोर्चा के निजामुद्दीन अंसारी कड़ी चुनौती देने जा रहे हैं। हेमंत सोरेन बरहेट और दुमका दो जगहों से चुनाव लड़ रहे हैं। दुमका सीट से भाजपा की लुइस मरांडी और बरहेट से सिमोन मोलतो। वहीं झाविमो ने दुमका से प्रो. अंजुला मुर्मू को मैदान में उतारा है।2014 कौन कहां से हारादुमका से झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन को भाजपा की लुईस मरांडी ने हराया था। भाजपा के दिग्गज नेता और राज्य के तीन बार मुख्यमंत्री रहे अर्जुन मुंडा खरसावां सीट से झामुमो के दशरथ गगरई से चुनाव हार गये थे।

धनवार सीट से बाबूलाल मरांडी को सीपीआईएमएल के राजकुमार यादव ने हराया था। वहीं, बाबूलाल मरांडी को गिरिडीह सीट से भी भाजपा के निर्भय शाहबादी के हाथों हार मिली थी। राज्य के निर्दलीय मुख्यमंत्री रहे मधु कोड़ा को मझगांव से झामुमो के निलय पूर्ति ने हराया था। आजसू सुप्रीमो सुदेश कुमार महतो को सिल्ली से झामुमो के अमित महतो ने पटकनी दे दी थी।राज्य के अन्य राजनीतिक दिग्गजों में कोडरमा से अन्नपूर्णा देवी को पहली बार भाजपा की टिकट से उतरी डॉ. नीरा यादव ने हराया, बेरमो में कांग्रेसी दिग्गज राजेंद्र प्रसाद सिंह को भाजपा के योगेश्वर महतो बाटुल, बोकारो से समरेश सिंह को भाजपा के बिरंची नारायण ने बड़े मतों के अंतर से हराया था।

भाजपा के हेमलाल मुर्मू को बरहेट से हेमंत सोरेन ने और लिट्टीपाड़ा से भाजपा के साइमन मरांडी को झामुमो के अनिल मुर्मू ने शिकस्त दी थी। इसके अलावा गोमिया से भाजपा के माधव लाल सिंह को झामुमो के योगेंद्र प्रसाद महतो ने हराया। बगोदर से सीपीआई के विनोद सिंह को भाजपा के नगेंद्र महतो ने शिकस्त दी। बहरागोड़ा सीट से भाजपा के दिनेशानंद गोस्वामी ने झामुमो के कुणाल षाड़ंगी को हराया। मांडर से बंधु तिर्की को भाजपा की गंगोत्री कुजूर ने हराया। विष्णुपुर से समीर उरांव को झामुमो के चमरा लिंडा ने शिकस्त दी। लोहरदगा से कांग्रेस के सुखदेव भगत को कमल किशोर भगत ने हराया था।

This post has already been read 7367 times!

Sharing this

Related posts