कांग्रेस का घोषणा पत्र देश और समाज हित में नहीं : दीपक प्रकाश

रांची। भाजपा ने कहा है कि कांग्रेस का घोषणा पत्र विनाश काले विपरीत बुद्धि वाला है। कांग्रेस द्वारा जिस तरह चुनावी घोषणा पत्र जारी हुआ है, वह साबित करता है कि यह देश और समाज नहीं है। पार्टी के प्रदेश महामंत्री सह कार्यालय प्रभारी दीपक प्रकाश ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में कई ऐसी बातों का उल्लेख किया है, जिससे लगता है कि कांग्रेस का हाथ राष्ट्र विरोधी शक्तियों के साथ है। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता ऐसी राजनीतिक दल से उम्मीद नहीं कर सकती। कांग्रेस दिवालियापन के युग से गुजर रहा है। देश की माटी के साथ कांग्रेस की प्रतिबद्धता नहीं है। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर की समस्या कांग्रेस की देन है। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में कहा है कि अपस्पा कानून का रिव्यू करेंगे। प्रकाश ने कहा कि देश के साथ गद्दारी करने वाले को कानून माफ नहीं करेगा। कांग्रेस को क्या हो गया है, आज देशद्रोह कानून के साथ मजाक कर रही है। झारखंड में इस कानून की ज्यादा जरूरत है। यहां से नक्सलवाद, आईएसआई के लोग पकड़े गये हैं। कांग्रेस ने कानून के साथ खिलवाड़ का उल्लेख किया है। उन्होंने कहा कि जेएनयू में देश के टुकड़े करने के नारे लगने के बाद राहुल गांधी वहां पहुंचे थे। कांग्रेस विदेशी शक्तियों के साथ खड़ी है। घोषणा पत्र इस बात का सबूत है। देश की आंतरिक सुरक्षा महत्वपूर्ण है। कांग्रेस ने घोषणा पत्र में कहा है कि कश्मीर में हम पारा मिलिट्री को कम करेंगे। उन्होंने कहा कि जहां मुजाहीद्दीन के लोग नौजवानों को शामिल कर रहे हैं, ऐसे में वहां पर इस तरह की बात करना कहां तक जायज है। उन्होंने कहा कि यूपीए के एक बड़े नेता और कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री एक देश में दो प्रधानमंत्री की बात करते हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा के एक नेता को भी देश के लिए दर्द नहीं है। इस विषय पर उन्होंने एक शब्द भी नहीं बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का घोषणा पत्र राष्ट्रवादी शक्तियों को आघात देने वाला है। कांग्रेस ने पिछले 60 वर्षों तक शासन किया। बिजली, स्वास्थ्य सहित अन्य की समस्या जस की तस रही। लेकिन 60 साल बनाम साढ़े चार साल में अधिक कार्य हुए। हमने 67 लाख परिवारों को बिजली देने का काम किया। भाजपा महिला सशक्तिकरण, महिला आरक्षण की दिशा में काम कर रही है। अकलियत समाज के महिला के सशक्तिकरण के लिए तीन तलाक पर कांग्रेस ने कहा है कि इस कानून को खत्म करेंगे। जबकि सुप्रीम कोर्ट ने साफ कहा है कि इस कानून को और मजबूत करने की आवश्यकता है। न्यायपालिका जैसी संस्था पर कांग्रेस को विश्वास नहीं है। प्रकाश ने कहा कि कांग्रेस मानती है कि उसकी सरकार नहीं बनेगी, इसलिए मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रही है। लोकसभा चुनाव में झारखंड के दो करोड़ मतदाता ऐसे लोगों को नकारने का काम करेंगे। नरेन्द्र मोदी के साथ देश की जनता खड़ी है। हम झारखंड राज्य की सभी 14 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल करेंगे। यह पूछे जाने पर कि रांची, चतरा और कोडरमा के उम्मीदवारों की घोषणा कब होगी। इस पर प्रकाश ने कहा कि जल्द ही इसकी घोषणा की जायेगी। प्रेसवार्ता में प्रदेश उपाध्यक्ष आदित्य साहू, प्रवक्ता जेबी तुबिद, प्रेम मित्तल आदि उपस्थित थे।

This post has already been read 6866 times!

Sharing this

Related posts