रांची। आजसू सुप्रीमो और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने कहा कि वह झारखंड के सदन को गंभीर देखना चाहते हैं। पार्टी स्थानीय और जनहित के मुद्दों को सड़क से लेकर सदन तक उठाती रही है और आगे भी उठाती रहेगी।
महतो रविवार को पार्टी कार्यालय में संकल्प पत्र जारी करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।महतो से यह पूछे जाने पर कि भाजपा के झारखंड विधानसभा चुनाव प्रभारी ओमप्रकाश माथुर ने कहा है कि वह सिल्ली में उम्मीदवार नहीं उतारेंगे। इसपर महतो ने कहा कि भाजपा सिल्ली में भी उम्मीदवार उतारने का विचार करे।
खाद्य आपूर्ति मंत्री सरयू राय के मुख्यमंत्री के खिलाफ चुनाव लड़ने के बारे में पूछे जाने पर कहा कि यह भाजपा का विषय है। सरयू राय का यह निजी फैसला है। जिन विषयों के साथ वह जायेंगे, पार्टी उसे देखेगी और बाद में उसपर विचार करेगी। यह पूछे जाने पर कि भाजपा ने सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है, आजसू कितने सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
महतो ने कहा कि आजसू के लिए पूरा क्षितिज खुला है। वहीं पूर्व सांसद रामटहल चौधरी से मुलाकात के बारे में उन्होंने कहा कि वह आशीर्वाद लेने गये थे। प्रेसवार्ता में आजसू के वरीय उपाध्यक्ष और सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, पूर्व मंत्री उमाकांत रजक, प्रवक्ता देवशरण भगत आदि मौजूद थे।
This post has already been read 7367 times!