रांची । बिरसा मुंडा संग्रहालय की स्थापना से संबंधित गठित समिति की बैठक 16 मई को होगी। प्रोजेक्ट भवन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता नगर विकास सचिव अजय कुमार सिंह करेंगे।
बिरसा मुंडा संग्रहालय समिति के गठन का उद्देश्य झारखंड के स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन से जुड़े तथ्यों का विश्लेषण संग्रहालय में प्रदर्शित करना एवं संग्रहालय में कलात्मक गुणों के विकास के लिए सुझाव देना है। पुराने बिरसा मुंडा संग्रहालय का निर्माण कराया जाना है। इसके साथ ही संग्रहालय के आकर्षण एवं पर्यटकों के मनोरंजन के लिए भगवान बिरसा मुंडा की विशाल मूर्ति की स्थापना, झारखंड के स्वतंत्रता सेनानियों की मूर्तियां, लाइट एंड साउंड प्रोग्राम के माध्यम से बिरसा मुंडा एवं स्वतंत्रता सेनानियों की जीवनी के प्रदर्शन की व्यवस्था की जायेगी। बिरसा मुंडा एवं अन्य स्वतंत्रता सेनानियों की मूर्तियां देश के प्रख्यात शिल्पकार बनायेंगे। यह कार्य जुडको द्वारा कराया जा रहा है।
समिति के अध्यक्ष पदेन नगर विकास सचिव अजय कुमार सिंह और सह अध्यक्ष पदेन कल्याण सचिव हिमानी पांडेय हैं। इनके अलावा सदस्यों में निदेशक पर्यटन संजीव बेसरा, निदेशक टीआरआई रणेंद्र कुमार, रांची विश्व विद्यालय इतिहास विभाग के सेवानिवृत्त विभागाध्यक्ष डॉ. एके सेन, रांची विश्वविद्यालय के समाज विज्ञान प्राध्यापक डॉ. इंदू कुमार चौधरी, केंद्रीय विश्वविद्यालय के इतिहास विभाग की प्राध्यापक डॉ. सीमा ममता मिंज, आईआईटी नई दिल्ली के सेवानिवृत्त प्राध्यापक डॉ. ललित दास, नेशनल गैलरी ऑफ आर्ट के महानिदेशक अद्वैत गणनायक, रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय के डॉ. एमके जमुआर और जेवियर विश्वविद्यालय भुवनेश्वर के प्राध्यापक प्रो. सुतपा पति शामिल हैं।
This post has already been read 8722 times!