दरी और कुर्सी के अलावा बोलने के लिए आजसू के पास कुछ नहीं : अंबा

रामगढ़ । बड़कागांव विधानसभा से महागठबंधन की प्रत्याशी अंबा प्रसाद को विधानसभा का टिकट सुनिश्चित हो गया है। टिकट कंफर्म होते ही अंबा प्रसाद अपने समर्थकों के साथ बुधवार की शाम सबसे पहले रामगढ़ शहर पहुंची। यहां उन्होंने सुभाष चौक पर अपने समर्थकों के बीच चुनावी जंग का ऐलान किया। साथ ही नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर चुनाव मैदान में उतरने का ऐलान किया।  मौके पर अंबा प्रसाद ने कहा कि उनके पिता योगेंद्र साहू और उनकी मां निर्मला देवी के द्वारा बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र में विकास के कई कार्य किए गए हैं।

इस बार पार्टी ने उनके ऊपर भरोसा जताया है। वे चुनाव को एक चुनौती के रूप में ले रही हैं। पार्टी ने मुझ पर जो जिम्मेदारी सौंपी है उस पर मैं खरी उतरूंगी। उन्होंने आजसू प्रत्याशी पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उनके पास दरी और कुर्सी के अलावा दिखाने और बोलने के लिए कुछ भी नहीं है। यह भी गलत तरीके से हासिल की गई है। आजसू पार्टी समझती है कि बड़कागांव विधानसभा की जनता बेवकूफ है, तो यह उनका भ्रम है। जनता जागरूक है और वह आजसू और महागठबंधन के प्रत्याशी में फर्क करना जानती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मुझे टिकट देकर बड़कागांव विधानसभा की जनता का सम्मान रखा है।

This post has already been read 5498 times!

Sharing this

Related posts