चंडीगढ़। भारत के उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने कहा है कि गुरु नानक देव के जीवन से जुड़ा प्रत्येक घटनाक्रम हमें न केवल शिक्षा प्रदान करता है बल्कि मनुष्य जीवन को बदलने की क्षमता भी रखता है। वेंकैया नायडू बुधवार को गुरु नानक देव के 550वें प्रकाशोत्सव के अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि पंजाब विधानसभा के आयोजित विशेष सत्र में पंजाब व हरियाणा के विधायकों, सांसदों तथा तमाम राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को संबोधित कर रहे थे।
उपराष्ट्रपति वेंकैया ने कहा कि लोकतंत्र के मंदिर के रूप में प्रसिद्ध विधानसभा में इस तरह का आयोजन अपने आप में ऐतिहासिक घटना से कम नहीं है। क्योंकि गुरु नानक देव जी एक संत नहीं बल्कि परम उत्कृष्ट स्तर के कवि, रचनात्मक, चिंतक, मानवतावादी, संपूर्ण गुरु भी थे जिन्होंने उलझे हुए दार्शनिक संकल्पों को सरल भाषा में संचारित किया। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव को अगर शांति का प्रतीक चिन्ह कहा जाए तो गलत नहीं होगा क्योंकि उन्होंने मानवता के अस्तित्व को रोशनी की किरण दिखाने की काम किया है। कहा कि गुरु नानक देव जी जैसे अवतार वह सब देखते थे जो साधारण लोगों को नहीं दिखता था। सही मायने में गुरु शब्द का अर्थ यही है। क्योंकि गुरु वह है जो प्रकाश प्रदान करता है और संशय को दूर करता है। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं जितनी की पांच सदियों पहले थी।
बतौर मुख्य वक्ता पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि वर्तमान पीढ़ी के सभी लोग सौभागयशाली हैं कि उन्हें गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाशोत्सव का गवाह बनने का अवसर मिल रहा है। करतारपुर साहिब की स्थापना का श्रेय गुरु नानक देवी जी को ही जाता है। जहां रहकर उन्होंने समूची मानवता को एकजुटता,भाईचारे, समानता, महिलाओं को बराबरी का अधिकार देने जैसे अनेकों शिक्षाएं मानवता को दीं जिनका आज के जीवन में बेहद महत्व है। आज समूचे समाज में नैतिकता का पतन हो रहा है। यह गंभीर चिंता का विषय है। ऐसे में गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं ही हमें नैतिकता के पतन से बचा सकती हैं।
मनमोहन सिंह ने कहा कि पंजाब एकमात्र ऐसा प्रदेश है जो केवल मात्र गुरुओं के नाम पर जिंदा है। यहां की जवानी नशों की दलदल में फंस चुकी है और दरियाओं का पानी जहरीला हो चुका है। अगर हम इसे बचाने के लिए एकजुटता से प्रयास करेंगे तभी गुरु नानक का सपना साकार होगा। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि गुरु नानक देव ने सैकड़ों साल पहले मानवता को सुरक्षित रखने के लिए पानी व धरती को बचाने का संदेश दिया था जिसका आज के जीवन में सर्वाधिक महत्व है। पंजाब सरकार द्वारा न केवल पानी को बचाने का प्रयास किया जा रहा है बल्कि धरती पर जंगलों को बचाने की दिशा में भी सार्थक प्रयास किया जा रहा है। पंजाब विधानसभा के स्पीकर राणा के.पी. सिंह इस आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी राजनीतिक दलों के नेताओं का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में पंजाब के राज्यपाल वी.पी. सिंह बदनौर, हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल, उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, हरियाणा विधानसभा के स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता, हरियाणा विधानसभा में विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा के अलावा हरियाणा के सभी विधायक तथा अन्य दलों के प्रतिनिधि मौजूद थे।
This post has already been read 6942 times!