चीनी शेयर बाजारों में गिरावट के बाद घरेलू शेयर बाजारों की भी फीकी शुरुआत

मुंबई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस हफ्ते चीन के सामान पर शुल्क दर बढ़ाए जाने की धमकी के बाद चीन और एशियाई शेयर बाजारों में भारी गिरावट देखी गयी। इसका असर सोमवार को घरेलू बाजार की शुरुआत पर दिखा। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 400 अंक से ज्यादा गिरकर चल रहा है। रविवार को ट्रंप ने ट्वीट किया कि आगामी शुक्रवार से वह चीन से आयात किए जाने वाले 200 अरब डॉलर के सामान पर शुल्क दर 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 25 प्रतिशत कर सकते हैं। इसके बाद बाजार में विशेषकर एशियाई बाजारों में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया। शंघाई, तोक्यो और सियोल के बाजार में भारी गिरावट दर्ज की गयी। शुरुआती सत्र में सोमवार को 30 कंपनियों का सूचकांक बीएसई सेंसेक्स 453 अंक तक गिर गया। इसके बाद यह मामूली तौर पर सुधरा और पिछले बंद के मुकाबले 321.03 अंक यानी 0.82 प्रतिशत गिरकर यह 38,642.23 अंक पर चल रहा है। इसी तरह एनएसई निफ्टी 93.95 अंक यानी 0.80 प्रतिशत टूटकर 11,618.30 अंक पर चल रहा था। ब्रोकरों के अनुसार चीनी शेयर बाजारों की गिरावट का असर घरेलू निवेशकों की धारणा पर पड़ा है। शुक्रवार को सेंसेक्स 38,963.26 अंक और निफ्टी 11,712.25 अंक पर बंद हुआ था।

This post has already been read 7907 times!

Sharing this

Related posts