मुहर्रम पर रांची सहित पूरे राज्य में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 15 हजार बलों की तैनाती

रांची। मुहर्रम पर्व को लेकर राजधानी रांची सहित पूरे राज्य में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार मुहर्रम को लेकर राज्य में सुरक्षा व्यवस्था कायम रखने के लिए लगभग 15 हजार बलों की तैनाती की जाएगी। साथ ही पुलिस मुख्यालय की ओर से सभी जिले के एसपी को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिये गये हैं। शनिवार को एसएसपी अनीश गुप्ता ने बताया कि  राजधानी रांची में सुरक्षा को लेकर 250 दंडाधिकारी, 200 पुलिस पदाधिकारी और 2500 पुलिस बल को तैनात किया जायेगा। रांची जिला में अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया है। इसके तहत डोरंडा, हिनू, चुटिया, हिंदपीढ़ी, लोअर बाजार, सुखदेव नगर और बरियातू थाना क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध शराब बेचने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। सबसे ज्यादा शहरी क्षेत्र में 99, सदर अनुमंडल में 59 और बुंडू अनुमंडल में 13 मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारी की नियुक्ति की गई है। नियंत्रण कक्ष के लिए 18 मजिस्ट्रेट प्रतिनियुक्त किए गए हैं। एसएसपी गुप्ता ने बताया कि मुहर्रम जुलूस को लेकर जिला नियंत्रण कक्ष के अलावा मेन रोड और डोरंडा में उप नियंत्रण कक्ष बनाए जाएंगे। जिला नियंत्रण कक्ष और उप नियंत्रण कक्ष में पांच- पांच पुलिस पदाधिकारी सहित 30 -30 पुलिस बल और एक सेक्सन टीजी पार्टी की भी तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष टीम का भी गठन किया गया है। अफवाह फैलाने वाले और असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। शहर के प्रमुख स्थानों पर सादे लिबास में महिला और पुरुष पुलिसकर्मी की तैनाती की जाएगी। साथ ही शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए शांति समिति की बैठक करने के निर्देश सभी थानेदारों को दिये गये हैं।

This post has already been read 8307 times!

Sharing this

Related posts