रांची। झारखंड के गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र से प्रचंड बहुमत से जीत पर आजसू पार्टी ने प्रसन्नता जताते हुए लोकसभा चुनाव के दौरान चिलचिलाती धूप में बाहर निकलकर मतदान करने के लिए जनता का आभार प्रकट किया है।
आजसू के प्रदेश प्रवक्ता देवशरण भगत ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि भारतवासियों ने विश्व को एहसास कराया है कि भारत ही सबसे बड़ा लोकतंत्र है। इस बहुमत के जरिये जातिवाद, वंशवाद का बंधन टूट गया। देश का नेतृत्व एकबार फिर नरेन्द्र मोदी को मिला है। उन्होंने कहा कि झारखंड में जितने विपक्षी गठबंधन के दल थे, उन्हें जड़ से उखाड़ फेंका गया। उन्होंने कहा कि जनता ने देश की सुरक्षा और विकास पर मतदान किया। झारखंड में एनडीए को बहुमत मिला। मोदी की सुनामी में झारखंड के नाम से चुनाव लड़ने वाले राजनीतिक दलों का जड़ से सफाया हो गया है। भगत से यह पूछे जाने पर क्या आजसू प्रमुख सुदेश महतो रामगढ़ से चुनाव लड़ेंगे, इस पर उन्होंने कहा कि इस पर निर्णय पार्टी अध्यक्ष को लेना है। प्रेसवार्ता में आजसू महासचिव रौशन लाल चौधरी भी उपस्थित थे।
This post has already been read 7838 times!