आयोग बनाकर विस्थापितों को रोजगार मुहैया कराया जाएगाः हेमंत सोरेन

रांची । झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकारी अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड में खनिज संपदा का प्रचूर भंडार है, इसके बावजूद यहां के लोग बेरोजगार हैं। यहां के कोयला से पूरे देश में बिजली चमचमाती है लेकिन यहां के लोग अंधेरे में रहने को विवश हैं। झारखंड देश का सबसे पिछड़े राज्यों में आता है। गांव में बिजली रहती नहीं है और बिल आ जाता है। पारा शिक्षक, रसोइया को सरकार मानदेय नहीं दे पा रही है।

रविवार को हेमंत सोरेन लातेहार जिला के बालूमाथ प्रखंड के सेरेगड़ा उच्च विद्यालय के समीप मैदान में झामुमो उम्मीदवार बैद्यनाथ राम के पक्ष में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ब्रिटिश सरकार ने रेल लाइन बनाकर खनिज को विदेशों में भेजने का काम किया और उसी की तर्ज पर भाजपा सरकार ने पानी और सड़क मार्ग से यहां के खनिज संपदा को गुजरात भेजने का कार्य कर रही है। हेमंत ने कहा कि बालूमाथ प्रखंड के आरा, चमातू, फुल बसिया, बुकरू समेत कई गांवों को विस्थापित करने की योजना चल रही है। यहां सीसीएल द्वारा बिना नौकरी और मुआवजा दिए हुए कोयला खनन का कार्य कर रही है और यहां के लोग जब विरोध करते हैं तो उसे झूठे मुकदमे में फंसा दिया जाता है।

अगर झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार बनती है तो विस्थापन आयोग बनाकर कंपनियों को उसके दायरे में लाकर विस्थापितों को रोजगार दिलाएंगे। उन्होंने कहा कि आज बाहर के लोग यहां टेंडर ले रहे हैं और यहां के लोग मुंह देख रहे हैं। हमारी सरकार स्थानीय बेरोजगार युवकों को 50% टेंडर देने का कार्य करेगी। स्थानीय नीति के कारण दूसरे राज्य के लोगों को नौकरी मिल जा रही है। अमित शाह ने कहा था कि नक्सलवाद समाप्त हो गया है लेकिन इसी लातेहार के चंदवा प्रखंड में 24 घंटे के अंदर चार पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी जाती है।हेमंत ने कहा कि हमारी सरकार बनती है तो झारखंड में वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन को बढ़ाकर 2500 रुपये किया जाएगा।

मुरपा को प्रखंड बनाया जाएगा। झारखंड की सभी लड़कियों को बीएड, डॉक्टर, इंजीनियर समेत तकनीकी शिक्षा मुफ्त दी जाएगी। चाहे वह किसी भी वर्ग की हों। झारखंड में मोमेंटो के नाम पर रघुवर दास ने हाथी उड़ाने का काम किया है। आप सभी लोग एकजुट होकर रस्सी में बांधकर उस हाथी को छत्तीसगढ़ के जंगल में छोड़ दें। आज 70% जेल में रहने वाले कैदी आदिवासी व दलित वर्ग से आते हैं, जो बिना वजह के जेल में सजा काट रहे हैं। उन्हें जेल से बाहर निकालने का कार्य हमारी सरकार करेगी। राज्य में बच्चा चोरी, डायन-बिसाही, गौरक्षा के नाम पर हत्याएं हो रही हैं। व्यापारी से कर्मचारी तक तबाह हैं। लोग भय के माहौल में जीने को विवश हैं। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि स्थानीय उम्मीदवार बैजनाथ राम को तीर धनुष पर मोहर लगाकर झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार बनाने में हमें सहयोग करें। 

झामुमो उम्मीदवार बैजनाथ राम ने कहा कि इस क्षेत्र के युवकों को अपना हक मांगने पर स्थानीय विधायक झूठे मुकदमे में फंसा देते हैं। पारा शिक्षक, आंगनबाड़ी सेविका के साथ मारपीट की जा रही है। अगर वे चुनाव जीतेंगे तो बड़ी-बड़ी कंपनियां एवं सीसीएल द्वारा किए जा रहे दोहन को समाप्त करते हुए यहां के लोगों को उचित न्याय देने का कार्य करेंगे। संचालन कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मोहम्मद जुबेर ने किया। इस मौके पर लातेहार झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष लाल मोती नाथ शाहदेव, संतोषी देवी, दिलशेर खान, भुनेश्वर यादव, मोहम्मद आरिफ, मनोज कुमार यादव, हरि भगत, प्रदीप साहू, आदित्य प्रजापति, ईश्वर लाल, व्यास यादव, श्याम सुंदर यादव, राजेंद्र गंझू, प्रीत लाल यादव, मिथिलेश सिंह, अरुण दुबे समेत कई लोग मौजूद थे।

This post has already been read 8825 times!

Sharing this

Related posts