डबल इंजन की सरकार में एक इंजन अपराध तो दूसरा इंजन भ्रष्टाचार का : तेजस्वी यादव

रांची। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि भाजपा के डबल इंजन की सरकार में एक इंजन अपराध तो दूसरा इंजन भ्रष्टाचार का है। तेजस्वी रविवार को रांची के हरमू मैदान में जन आक्रोश रैली में बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि रैली का आयोजन प्रदेश राजद की युवा मोर्चा इकाई की ओर हरमू मैदान में किया गया था। तेजस्वी ने कहा कि रघुवर राज में बहू-बेटियां और व्यवसायी कोई भी सुरक्षित नहीं है। व्यवसायियों की दिनदहाड़े हत्या कर दी जा रही है। मानोंं यहां अपराधियों की सरकार हो। यह स्थिति झारखंड में जंगलराज होने की ओर से इशारा करती है। 

तेजस्वी ने कहा कि उन्हें शनिवार को बीमार पिता लालू प्रसाद से नहीं मिलने दिया गया, जबकि जेल मैन्युअल में रिश्तेदार को मिलने की छूट का जिक्र है। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने मिलने का आवेदन जेल प्रशासन को दिया तो जेल प्रशासन मुख्यमंत्री रघुवर दास से सिफारिश कराने की बात कहते हैं, जो बेहद शर्मनाक है।  उन्होंने कहा कि उनके पिता के खिलाफ सरकार बड़ी साजिश कर रही है। वह गंभीर रूप से बीमार हैं। उनका किडनी केवल 30 फीसदी काम कर रहा है। ऐसे में हमलोगों को मिलने से रोका जाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा चाहे कितनी भी साजिश कर ले, लेकिन उनके पिता झुकनेवाले नहीं हैं। तेजस्वी ने कहा कि उनके पिता पलटू चाचा की तरह नहीं हैं कि कुर्सी के लिए किसी से भी हाथ मिला लें। उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव से सबक लेते हुए महागंठबंधन के सभी दल मजबूती के साथ चुनाव में उतरें। उन्होंने कहा कि भाजपा विपक्षियों को डराने के लिए सरकारी एजेंसियों का उपयोग कर रही है। उनके उपर  भी 35 मुकदमें किए गए हैं। उनकी सात बहनों, जीजा और उनके सभी घरवालों पर भी मुकदमा किया गया है, लेकिन वे इससे डरनेवाले नहीं हैं।

कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री और पार्टी के प्रदेश प्रभारी जयप्रकाश नारायण यादव ने कहा कि भाजपा ने झारखंड को बर्बादी के कगार पर ला दिया। हत्या, डकैती, मॉब लिंचिंग और दुष्कर्म की घटनाएं आम हो गई हैं। उन्होंने कि आंगनबाड़ी सेविकाओं पर लाठीचार्ज किया जा रहा है। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष अभय सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार ने देश में पांच वर्षों के दौरान 4.5 करोड़ युवाओं की नौकरियां छीन ली।  रैली को पूर्व मंत्री सुरेश पासवान, पूर्व सांसद घुरन राम, पूर्व विधायकों संजय कुमार सिंह यादव और संजय प्रसाद यादव समेत अन्य ने भी संबोधित किया।

This post has already been read 8277 times!

Sharing this

Related posts