संथाल परगना में होने वाला अमित शाह का दौरा स्थगित

रांची । केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का झारखंड के संथाल परगना में 03 सितम्बर को होने वाला कार्यकर्ता समागम कार्यक्रम स्थगित हो गया है। इसके लिए जल्द ही नयी तिथि की घोषणा की जायेगी।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री सह मुख्यालय प्रभारी दीपक प्रकाश ने शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 03 सितम्बर को संथाल परगना में कार्यकर्ता समागम आयोजित किया गया था। जिसमें केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आने वाले थे। इसकी तैयारी भी पूरी कर ली गयी लेकिन भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्तमंत्री अरुण जेटली के निधन के बाद 03 सितम्बर को ही दिल्ली में प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया है। इस कारण अमित शाह का झारखंड के संथाल परगना में होने वाला कार्यकर्ता समागम कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है।

प्रकाश ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा दो दिवसीय झारखंड दौरे पर हैं। शुक्रवार को लोहरदगा में शक्ति केंद्र, पंचायतवार बूथ समिति के सदस्यों के साथ संवाद हुआ। उन्होंने कहा कि गुमला में अनुसूचित जनजाति का सम्मेलन का आयोजन किया गया था। जिसमें कार्यकर्ताओं में गजब का उत्साह देखने को मिला। उन्होंने कहा कि शनिवार को पलामू और गढ़वा में बूथस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में भी कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह दिखा। चतरा के इटखोरी में जनसंवाद का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। प्रकाश ने कहा कि पार्टी ने झारखंड विधानसभा चुनाव में 65 प्लस का लक्ष्य रखा है जनता और मतदाताओं का आकर्षण भाजपा की ओर है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रघुवर दास सभी प्रमंडलों में उज्जवला दीदी सम्मेलन कर रहे हैं। अंत्योदय के सपनों को सरकार साकार कर रही है। गांव और पंचायत में नारी सशक्तिकरण हो रहा है।

प्रकाश ने कहा कि देश में नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटिजन (एनआरसी) आंदोलन रहा है। इससे असम ज्यादा प्रभावित रहा है। एनआरसी की जो लिस्ट जारी हुई है, भाजपा उसका समर्थन करती है। साथ ही मांग करती है कि झारखंड में भी यह लागू हो। उन्होंने कहा कि झारखंड में भी कुछ राजनीतिक दल बंग्लादेशी घुसपैठियों को संरक्षण दे रहे हैं। ऐसे में यह यहां भी लागू होना चाहिए। यह घुसपैठिये देश की सुरक्षा से खिलवाड़ कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आजसू एनडीए गठबंधन में शामिल है। लोहरदगा भाजपा का गढ़ रहा है। हम चाहेंगे कि आजसू लोहरदगा सीट भाजपा के लिए छोड़े। इसके लिए आजसू नेताओं से बातचीत की जायेगी। उन्होंने कहा कि झारखंड विधानसभा चुनाव हम मिलकर लड़ेंगे। आजसू एनडीए गठबंधन के तहत लोहरदगा से चुनाव लड़ता रहा है। प्रेस कांफ्रेंस में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव मौजूद थे। 

This post has already been read 6191 times!

Sharing this

Related posts