रांची । राज्य के खेलमंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासनकाल में झारखंड सहित देश के अन्य राज्यों में खेल के क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य किये जा रहे हैं। अब न सिर्फ क्रिकेट बल्कि हॉकी, तीरंदाजी, फुटबॉल आदि खेलों में भी खिलाड़ी अपने भविष्य गढ़ रहे है।
मंत्री गुरुवार को राज्य स्तरीय एसजीएफआई हॉकी प्रतियोगिता 2019 के उद्घाटन समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि झारखंड हॉकी में हमेशा से राष्ट्रीय टीम का हिस्सा रहा है। आजतक कोई भी राष्ट्रीय टीम बिना झारखंड के खिलाड़ी के नहीं बनी है। राज्य स्तरीय एसजीएफआई हॉकी प्रतियोगिता 2019 के उद्घाटन समारोह में अंडर 14, 17 और 19 युवा वर्ग के बालक बालिका खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए खेलमंत्री ने कहा कि इस प्रतियोगिता में 17 जिले के 41 टीम के 800 से ज्यादा खिलाड़ी उपस्थित हुए है, जो अपने-अपने जिले की विजेता टीम है, लेकिन विजय का यह अभियान रुकना नहीं चाहिए। राष्ट्रीय स्तर पर होने वाले प्रतियोगिता में भी झारखंड की टीम को जीत हासिल करनी है।
इस मौके पर कांके विधायक जीतू चरण राम ने कहा कि सरकार के प्रयास से ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर युवा राज्य और राष्ट्र के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे आ रहे है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ खेलने का आग्रह किया।
खेल निदेशक एके सिंह ने कहा कि 17 जिलों से 800 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। जीतने वाले टीम को राष्ट्रीय स्तर पर भाग लेने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि पिछले जून माह से इस तरह की प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है। इसके बाद मुख्यमंत्री आमंत्रण फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि यह आयोजन 22 से 26 अगस्त 2019 तक रांची के मोरहाबादी स्थित जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में किया गया है।
This post has already been read 7890 times!