कार सवार ने दो पुलिसकर्मियों को रौंदा, एक की मौत, दूसरा रिम्स रेफर

रांची (हि.स.)। पलामू जिले के लेस्लीगंज प्रखंड के मुरमुसी मोड़ के पास शुक्रवार देर रात एक कार ने दो पुलिसकर्मियों को रौंद दिया। हादसे में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को मेदिनीनगर सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने रिम्स रेफर कर दिया है। दुर्घटना में मारे गए पुलिसकर्मी की पहचान लेस्लीगंज थाना के सोनू सिंह और घायल की पहचान जयराम पासवान के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद कार छोड़कर चालक भाग निकला। पुलिस ने बताया कि लेस्लीगंंज थाना के पुलिसकर्मी सोनू और जयराम लेस्लीगंज प्रखंड कार्यालय के पास पांकी-मेदिनीनगर मुख्य मार्ग के मुरमुसी मोड़ पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पांकी से मेदिनीनगर की ओर जा रही कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया और घसीटते हुए काफी दूर तक ले गया। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने दोनों को मेदिनीनगर सदर अस्पताल में भर्ती कराया। वहां इलाज के दौरान सोनू सिंह की मौत हो गई तथा जयराम पासवान को डॉक्टरों ने रिम्स रेफर कर दिया। उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने बताया कि जवान सोनू सिंह मूलरूप से बिहार का रहने वाला था। मेदिनीनगर में उसके पिता हवलदार के पद पर कार्यरत थे। उनके असामायिक निधन के बाद वर्ष 2017 में अनुकंपा के आधार पर सोनू की बहाली हुई थी।

This post has already been read 8063 times!

Sharing this

Related posts