लॉस-एंजेल्स। भारत में बाल विवाह पर रोक है, लेकिन अमेरिका के संघीय और राज्य स्तरीय ढांचे में मौजूदा नियमों में खामियों को देखते हुए आज भी सैकड़ों बाल विवाह होते है,जिन्हें नजरंदाज किया जा रहा है। ओहायो राज्य की जेनिवीव मेयर हाई उन बाल विवाह की कुरीतियों और प्रताड़नाओं की एक ऐसी मिसाल है, जिसने ”एन बी सी” से बातचीत में दावा किया है कि वह अपनी आपबीती दुनिया भर ले लोगों के साथ साझा करेंगी और ऐसी बालिकाओं को बाल विवाह के प्रति सजग करेगी। मेयर ने क़ानून बनाने वालो से सवाल किया है कि जब 16 साल की उम्र में वाहन चलाने का विधान है और 21 की उम्र में नशा अथवा मदिरापान का विधान है तो फिर बाल विवाह पर रोक के लिए कोई विधान क्यों नहीं है? मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका के ज्यादातर राज्यों में 16 अथवा 17 वर्ष की आयु में विवाह का प्रमाण पत्र मिल जाता है। कुछ राज्यों में 14 वर्ष की आयु में विवाह का प्रमाण पत्र मिलता है तो 13 राज्य ऐसे भी हैं, जहां विवाह के लिए कोई आयु निर्धारित नहीं है। अमेरिका में केवल दो राज्य हैं जो बाल विवाह की इजाजत नहीं देते। मेयर ने कहा है कि सन 1995 में वह जब 15 साल की थी, तब उसके सौतेले बाप और मां ने उसकी एक 43 वर्षीय पुरुष के साथ शादी कर दी थी। उसे अब ठीक से स्मरण भी नहीं है कि विवाह के समय उसके पति ने क्या पहना था और उसने क्या। उसे इतना अवश्य याद है कि उसके पति उसे किस तरह यौन यातनाएं देते थे। यों तो उसके पिता की भी उस पर बुरी निगाहे रहती थीं और वह जब छोटी थी तब मकान मालिक ही उसके साथ दुर्व्यवहार करते थे। वह इसकी शिकायत कभी मां से करती थी, तब वह भी उस पर भरोसा नहीं करती थी। वह जब 11 साल की थी, तब उस के मकान मालिक ने उसे अपनी काम वासना का शिकार बनाया था और उसे कदाचार के आरोप में छह माह की जेल की हवा खानी पड़ी थी। मेयर कहती हैं कि उसे लिखने की आदत थी। उसने एक ब्लॉग बनाया। वह हर ऐसी घटना को डायरी में लिखती रहती थी। इसके साथ ही उसने चुपचाप एक सोशल ग्रुप भी बनाया, जिसमें वह अनेक घटनाओं को साझा भी करती थी। उसके मन में आता था कि वह बाल विवाह की कुरीतियों और यातनाओं के बारे में लोगों को जागृत करे। उसने बताया कि उसकी कहानियां ऐसी होती थीं कि वह छिपा कर रखती थी और चार्ल्स डिकन्स, शार्लेट बरोंटी और ऑस्कर वाइल्ड की कथा कहानियों में छिपा लेती थी। कुछ अर्से बाद वह कैलिफोर्निया चली आई और दो बार तलाक शुदा एक अन्य व्यक्ति के साथ उसकी दोस्ती और फिर शादी हो गई।
This post has already been read 13079 times!