रांची । वरिष्ठ समाजसेवी व हजारीबाग विधानसभा क्षेत्र के पूर्व निर्दलीय उम्मीदवार प्रदीप प्रसाद हजारों समर्थकों के साथ रविवार को भाजपा में शामिल हो गये। इसके अलावा झामुमो के उपाध्यक्ष राजेश सिंह और आजसू के वरीय उपाध्यक्ष कुंदन सिंह सहित कई अन्य राजनीतिक दलों के लोगों ने भाजपा का दामन थाम लिया। प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने सभी को माला पहनाकर पार्टी में उनका स्वागत किया और पार्टी की सदस्यता दिलायी।
इस अवसर पर प्रदीप प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रघुवर दास के नेतृत्व में चल रहे देश और प्रदेश के सेवा कार्यों से प्रभावित होकर भाजपा में आये हैं। भाजपा की नरेंद्र मोदी सरकार ने अनुच्छेद 370 और 35ए समाप्त कर दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति का परिचय दिया है। केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन विधेयक पास होने से करोड़ों देशवासियों का दिल जीत लिया है। अनुच्छेद 370 और 35ए जम्मू-कश्मीर के विकास में बाधक था। प्रधानमंत्री मोदी ने एक देश, एक विधान, एक निशान और एक प्रधान को अंगीकार कर दिया। प्रसाद ने कहा कि पार्टी उन्हें जो भी निर्देश देगी वह उसे जमीन पर उतारने की हरसंभव कोशिश करेंगे।
प्रदीप साहू के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वालो में जिला परिषद सदस्य विजय सिंह भोगता, रूबिया खातून, मिसबाहुल इस्लाम, कौलेश्वर रजक, रणजीत राम, बुधन राम, विनोद मेहता, अनिता देवी, मुकेश कुमार सहित 25 से अधिक मुखियागण भी शामिल हैं। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष आदित्य साहू और धन्यवाद ज्ञापन गिरिडीह जिला अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष सांसद समीर उरांव, विधायक राम कुमार पाहन, नवीन जयसवाल, सुबोध कुमार सिंह गुड्डू, प्रतुल शाहदेव, प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, लोकनाथ महतो, आरती कुजूर भी उपस्थित थे।
राष्ट्रवाद और विकास की राजनीति पर जन विश्वास बढ़ाः गिलुवा
प्रदीप प्रसाद के भाजपा में शामिल होने के मौके पर प्रदेश अध्यक्ष गिलुवा ने कहा कि यह जन सैलाब बता रहा है कि प्रदेश में हवा का रुख क्या है। देश में राष्ट्रवाद और विकास की राजनीति पर लगातार जन विश्वास बढ़ रहा है। पार्टी ने अपनी नीतियों और कार्यक्रमों के आधार पर यह जनसमर्थन हासिल किया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष आज मुद्दाविहीन, नेतृत्वविहीन हो चुका है। आज भाजपा के पास विश्व प्रसिद्ध नेतृत्व है। हमारी सरकार केन्द्र और राज्य जहां भी है विकास के कार्यक्रमों को धरातल पर उतारने में जुटी है। उन्होंने कहा कि गांव, गरीब, किसान, युवा, महिला सभी वर्ग के लोग योजनाओं से लाभान्वित हो रहे हैं। विकास के साथ देश में लोकतंत्र मजबूत हो रहा है। देश की सीमाएं सुरक्षित हैं तथा विश्व में भारत का सम्मान और गौरव बढ़ा है।
कांग्रेस में एक ही कुर्सी, कभी मां तो कभी बेटा बैठता हैः सीपी सिंह
नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने कहा कि भाजपा ही सिर्फ पार्टी है, बाकि सब चौपाटी है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर बोलते हुए कहा कि 70 दिनों में पार्टी एक अध्यक्ष नहीं खोज सकी। गांधी परिवार के दलदल से कांग्रेस पार्टी उबर नहीं पा रही है। वहां एक ही कुर्सी है जिस पर कभी मां बैठती है, कभी बेटा जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है जहां एक मजदूर मुख्यमंत्री और चायवाला प्रधानमंत्री बन सकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा जो कहती है वो करके दिखाती है। हमने अलग राज्य का सपना साकार किया। घर-घर विकास की किरणें पहुंचाई जा रही है। साथ ही जनसंघ काल से चला आ रहा हमारा संकल्प धारा 370 भी अब हटाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि मजबूत भाजपा से ही मजबूत भारत का सपना साकार होगा। उन्होंने आवाह्न किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में झारखंड में विपक्ष को विपक्ष का नेता बनने लायक भी नहीं रहने देना है।
अंत्योदय हमारी प्रतिबद्धताः दीपक प्रकाश
प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि भाजपा भारत माता की सेवा में विश्वास रखती है। अंत्योदय हमारी प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि आज नरेन्द्र मोदी और रघुवर दास के नेतृत्व में चल रही डबल इंजन की सरकार गरीबों के आंसू पोंछने का काम कर रही है। आज भारत अंदर और बाहर दोनों तरफ से मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि हमें प्रदेश में भी फिर से मजबूत सरकार बनाकर विकास की प्रक्रिया को निरंतर आगे बढ़ाना है।
पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में सहभागी बनेंः मनीष
हजारीबाग विधायक मनीष जायसवाल ने कहा कि आप सबका वैसी पार्टी में स्वागत है, जिसने गरीबों को बैंक खाता दिया, महिलाओं को धुंआ से उबारा, गरीबों को पक्का छत और शौचालय दिया। आयुष्मान योजना से बीमारियों का निपटारा किया। साथ ही देश के दुश्मनों को मुंहतोड़ जबाव दिया। उन्होंने कहा कि हमसब एक ऐसे दल से जुड़े हैं जिसके कारण हमारी मातृभूमि सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि केवल जुड़ने से हमारा लक्ष्य पूरा नहीं होगा, बल्कि हमें पार्टी के नीतियों, कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने में सहभागी बनना है।
पार्टी के सच्चे कार्यकर्ता के रूप में सदैव कार्य करते रहेंगेः डॉ. चौधरी
सदस्यता ग्रहण करते हुए रिम्स के सेवानिवृत्त अधीक्षक डॉ. एसके चौधरी ने कहा कि वह पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों से प्रभावित होकर सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं। देश की सच्ची सेवा भाजपा कार्यकर्ता के रूप में ही की जा सकती है। उन्होंने कहा कि वह पार्टी के सच्चे कार्यकर्ता के रूप में सदैव कार्य करते रहेंगे।
This post has already been read 9310 times!