रामगढ़ | रामगढ़ थाना क्षेत्र के चुटूपालू घाटी में बुधवार को एक अनियंत्रित टेलर (यूपी 07 सीटी 0356) ने ट्रेकर और बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 11 यात्री घायल हो गए। इस हादसे में टेलर के खलासी अशरफ खान की मौके पर ही मौत हो गई जबकि ट्रेकर पर सवार 5 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। थाना प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि एक टेलर जिस पर लोहे की सीट लोड थी, वह रांची से रामगढ़ की ओर आ रहा था। घाटी में अचानक उसका ब्रेक फेल हो गया और गाड़ी अनियंत्रित हो गई।
अनियंत्रित टेलर ने रांची से रामगढ़ आ रहे ट्रेकर को जोरदार टक्कर मारी, जिसमें ट्रेकर के खलासी की मौत हो गई और उस पर सवार 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद अनियंत्रित टेलर ने एक बाइक सवार को भी अपनी चपेट में ले लिया। बाइक सवार घायल हो गया। इसके बाद घाटी में मोड़ पर टेलर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में चालक विजय पाल को भी चोटें आई हैं। घायलों में रामगढ़ निवासी बंदी ठाकुर, ओरमांझी निवासी इमरान खान, बड़गांव निवासी ओमनाथ करमाली, रामगढ़ गोलपार निवासी शेर खान, रांची निवासी त्रिलोक सिंह, रामगढ़ के बारलौंग निवासी दीपक कुमार व ट्रक चालक यूपी निवासी विजय पाल शामिल हैं। इस हादसे में ट्रेकर पर सवार चार अन्य घायल यात्रियों की पहचान नहीं हो पाई है। सभी घायलों को इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया है।
This post has already been read 6922 times!