नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंत्रिपरिषद के महत्वपूर्ण सदस्य भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह और पूर्व केंद्रीयमंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को अपना-अपना दायित्व संभाल लिया। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बनी दूसरी राजग सरकार में अमित शाह गृह और राजनाथ को रक्षा मंत्रालय दिया गया है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के पदभार संभालने की शुक्रवार से तैयारियां शुरू हो गई थीं। शुक्रवार दोपहर मंत्रालय आवंटन के बाद केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक हुई थी। इसके बाद कुछ मंत्रियों ने अपना कार्यभार संभाल लिया था। अमित शाह शनिवार अपराह्न करीब 12:00 बजे गृह मंत्रालय पहुंचे। राज्यमंत्री और अधिकारियों ने गुलदस्ता देकर उनका स्वागत किया। केंद्र में राजग दोबारा वापसी में शाह की चुनाव रणनीति को बेहद अहम माना जा रहा है। इससे पहले वह गुजरात में भी गृह मंत्रालय का कार्यभार संभाल चुके हैं। गृहमंत्री की भूमिका निभा रहे राजनाथ सिंह की दूसरी पारी रक्षामंत्री के तौर पर शुरू हो रही है। उन्होंने भी रक्षा मंत्रालय का कार्यभार संभाल लिया। साउथ ब्लॉक स्थित मंत्रालय में शीर्ष अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इससे पहले शुक्रवार को वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण और विदेशमंत्री एस जयशंकर ने अपने-अपने मंत्रालयों का कार्यभार संभाला था।
This post has already been read 9957 times!