सरकार ने संथाल को मुख्यधारा से जोड़ा, इस बार झामुमो का सूपड़ा साफ हो जाएगाः भाजपा

रांची । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने सोमवार को प्रदेश कार्यालय रांची में संथाल परगना का रिपोर्ट कार्ड जारी कियाऔर  कहा, आजादी के बाद पहली बार किसी सरकार ने संथाल परगना पर विशेष ध्यान दिया है। उन्होंने कहा कि देवघर में एम्स और अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, साहिबगंज में गंगा नदी पर पुल, बंदरगाह और 50 हजार लीटर का डेयरी प्लांट, एनएच 80 का 3,300 करोड़ की लागत से फोरलेन, दुमका में मेडिकल कॉलेज, पहाड़िया बटालियन का गठन, डाकिया योजना के अंतर्गत आदिम जनजाति को उनके घर तक अनाज पहुंचा कर और संथाल में रेल नेटवर्क को बेहतर कर केंद्र और राज्य सरकारों ने यह दिखा दिया की पहली बार किसी सरकार ने संथाल की सुध ली है।

शाहदेव सोमवार को भाजपा कार्यालय में मीडिया से बात कर रहे थे।उन्होंने कहा कि आज तक झामुमो (झारखंड मुक्ति मोर्चा) और कांग्रेस पार्टी संथाल परगना के आदिवासियों को वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करती थी, लेकिन पहली बार एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) की सरकारों ने संथाल परगना को राष्ट्र की मुख्यधारा से जोड़ा है। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अपने कार्यकाल में संथाल परगना का रिकॉर्ड संख्या में दौरा किया है।प्रतुल ने कहा की संथाल में 3,000 करोड़ रुपये की लागत से 1,248 किलोमीटर सड़क का निर्माण हो चुका है। एनएच 133, एनएच 333 ,एनएच 114ए को बेहतर बनाने का कार्य चल रहा है। प्रधानमंत्री आवास के अंतर्गत 1,21,000 लोगों को, बाबासाहेब आवास के अंतर्गत 652 लोगों को आवास योजना, इंदिरा आवास के अंतर्गत 60 हजार लोगों को और बिरसा आवास योजना के अंतर्गत 5,700 लोगों को आवास मुहैया कराये जा चुके हैं।

संथाल में विभिन्न सखी मंडलों के माध्यम से अब तक 5,40,000 बहनों को स्वरोजगार से जोड़ने का बड़ा कार्य हुआ है। इसके साथ ही संथाल में ही ग्रामीण जलापूर्ति के अंतर्गत 26 योजनाओं की शुरुआत हो चुकी है। इससे लाखों ग्रामीणों को उनके घरों तक शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराये जा रहे हैं। प्रतुल ने कहा कि संथाल की जनता समझ चुकी है कि कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा ने उन्हें सिर्फ वोट बैंक बना कर रखा, लेकिन उनका विकास नहीं होने दिया। इस बार संथाल से कांग्रेस और झामुमो का सफाया हो जाएगा। संथाली जनता विकास के नाम पर भाजपा को वोट देगी। प्रदेश मंत्री सुबोध सिंह गुड्डू ने कहा कि इस बार गांव से शहर तक भाजपा की हवा चल पड़ी है। पहले शहरों से गांव तक हवा चलती थी। बाकी दूसरे दलों का सूपड़ा साफ हो जाएगा। गुड्डू ने कहा कि 45 डिग्री गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों ने निकलकर नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने के लिए वोट किया। यह बहुत ही सुखद बात है। उन्होंने सभी वोटरों को बड़ी संख्या में वोट करने के लिए साधुवाद देते हुए कहा कि इस बार जनता ने मोदी के 5 साल के ट्रैक रिकॉर्ड को देखकर वोट किया है। आज की प्रेस वार्ता में मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक और पूर्व प्रवक्ता प्रेम मित्तल भी उपस्थित थे।


This post has already been read 5900 times!

Sharing this

Related posts