सकारात्मक राजनीति के लिए सकारात्मक विचारों की आवश्यकता है : सुदेश महतो

रांची। आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कहा कि राजनीति में सत्ता की चुनौती सदैव आती रहेगी, लेकिन राज्य के विकास में जरूरी विषय न छुटे यह पार्टी की पहली प्राथमिकता है। आम लोगों का योगदान मतदान तक है लेकिन बौद्धिक लोगों का योगदान व्यापक एवं अहम भूमिका होता है। राजनीतिक प्लेटफार्म में सभी की भूमिका महत्वपूर्ण है क्योंकि सकारात्मक राजनीति के लिए सकारात्मक विचारों की आवश्यकता है।
सुदेश कुमार महतो सोमवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान डॉ. अशोक नाग के साथ कई शिक्षाविदों और बुद्धिजीवियों ने पार्टी का दामन थामा। इससे पहले सुदेश कुमार महतो के आवासीय कार्यालय में रॉयल प्रोफेशनल एंड शिवभारती फार्मेसी कॉलेज की निदेशक डॉ. रूमी राजखोवा कच्छप समेत कई लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
पार्टी में शामिल हुए डॉ. अशोक नाग और उनके साथियों का स्वागत करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि अशोक नाग झारखंड को समझने और जमीनी स्तर पर काम करने वाले व्यक्ति हैं। बुद्धिजीवियों को राजनीति में आने से राज्य की आवश्यकता पर सकारात्मक काम करने में बल मिलेगा, यह पार्टी के लिए शक्तिवर्धक एवं उत्साहवर्धक होगा। संगठन का विचार और नेतृत्व आपके साथ है। इन्हें जनता हित से जुड़े हर काम को करने का पूर्ण सहयोग आजसू पार्टी देगी।
तीन राज्यों के विधानसभा चुनाव के परिणाम पर प्रतिक्रिया देते हुए महतो ने कहा यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के करिश्माई नेतृत्व एवं देश की जरूरत को जनता ने भारी मतों से जीत दिलाई है। आजसू पार्टी ने पिछले चुनाव में राष्ट्रीय राजनीति में दखल दिया है। यह परिणाम आगामी 2024 के लोकसभा चुनाव में एक आकर्षक बल देगा। धनबाद के जेल में हुई घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में झारखण्ड में कोई सुरक्षित नहीं है। झारखण्ड में न विधि है, न व्यवस्था है।
पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वाले डॉ अशोक नाग ने कहा कि आज मेरी घर वापसी हो रही है। पूरा यूथ सुदेश जी के साथ है। सुदेश महतो मेरे रोल मॉडल हैं। राजनीति का जो भी ककहरा सीखा वो सुदेश महतो और आजसू पार्टी से सीखा। इसके लिए मैं सदैव आजसू पार्टी का ऋणी रहूंगा। पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी उसको पूरा करने का प्रयास करेंगे।

This post has already been read 3521 times!

Sharing this

Related posts