रांची। झारखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र के आखिरी दिन गुरुवार को विधानसभा से कुछ दूरी पर मांगों को लेकर विभिन्न संगठनों ने प्रदर्शन किया। यहां तक कि बैरिकेडिंग के पास आकर हंगामा भी शुरू कर दिया। वे पुलिस का घेरा तोड़कर विधानसभा का घेराव करने के लिए आगे बढ़ना चाह रहे थे, जिन्हें रोकने के लिए वहां पर बड़ी संख्या में सुरक्षाबल के जवान भी मुस्तैद थे। आग्रह नहीं मानने पर जवानों ने उनको खदेड़ना शुरू किया। उन पर लाठियां भांजी।
बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ने वालों में मुख्य रूप से पंचायत सचिवालय स्वयंसेवक संघ के सदस्य थे। वे विधानसभा का घेराव करने के लिए पुलिस का घेरा तोड़कर आगे बढ़ना चाह रहे थे। इस पर सुरक्षा बल के जवानों ने बैरिकेडिंग के पास उन्हें रोक दिया। इस पर वे दूसरे बैरिकेडिंग को भी तोड़कर आगे बढ़ने लगे।इसपर कार्रवाई करते हुए सुरक्षाबल के जवानों ने लाठियां बरसाते हुए उन्हें रोकने की कोशिश की। इस बीच सुरक्षा बल के जवानों और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और नोंक-झोंक हुई। वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया गया। इस दौरान अफरा-तफरी मच गई।
उल्लेखनीय है कि राज्य स्तरीय पंचायत सचिवालय स्वयंसेवक संघ का झारखंड प्रदेश के तत्वाधान में 168 दिनों से अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन जारी है। पांच सूत्री मांगों को लेकर स्वयंसेवक बीते आठ जुलाई से ही अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन राजभवन के पास कर रहे हैं।
This post has already been read 3077 times!