लालचंद महतो ने झारखंड को दिशा देने का किया था काम : विधानसभा अध्यक्ष

रांची। झारखंड के पहले ऊर्जा मंत्री लालचंद महतो के निधन पर शुक्रवार को विधानसभा परिसर में स्पीकर रवींद्रनाथ महतो ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। रांची के लालपुर स्थित अमरावती अपार्टमेंट से उनका पार्थिव शरीर झारखंड विधानसभा परिसर लाया गया था। इससे पहले मंत्री बेबी देवी ने भी शोकाकुल परिवार से रांची के लालपुर स्थित अपार्टमेंट में मुलाकात कर ढांढ़स बंधाया और निधन पर शोक जताया। उनका पार्थिव शरीर रामगढ़, गोला, पेटरवार होते हुए बोकारो के बेरमो पहुंचेगा। दामोदर नद के तट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने शोक जताते हुए कहा कि पूर्व ऊर्जा मंत्री लालचंद महतो ने राज्य गठन के बाद प्रदेश को दिशा देने का काम किया था। झारखंड के विकास में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है। वे हमेशा हमारे जेहन में रहेंगे। उनके निधन से वे मर्माहत हैं। झारखंड के इतिहास में उनका नाम स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा।
मंत्री बेबी देवी ने कहा कि लालचंद महतो के निधन से उन्होंने अपना अभिभावक को खो दिया। निधन की सूचना पर वे शुक्रवार की सुबह रांची के लालपुर स्थित अपार्टमेंट पहुंचीं और शोक संतप्त परिवार से मिलीं व ढांढ़स बंधाया। लालचंद महतो की अंतिम यात्रा रांची से रामगढ़, गोला, पेटरवार, बहादुरपुर, जैनामोड़, पिछरी, फुसरो, नावाडीह होते हुए डुमरी पहुंचेगी और अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा।
बोकारो के बेरमो के बैदकारो स्थित पैतृक आवास से अंतिम संस्कार के लिए पार्थिव शरीर रामविलास उच्च विद्यालय के समीप दामोदर नद के तट पर लाया जाएगा। इसके बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।

This post has already been read 2273 times!

Sharing this

Related posts