ब्रह्मराक्षस की तरह है यह कैंसर: राज्यपाल

रांची: झारखंड की राज्‍यपाल द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि सबसे पहले देश के लिए शहीद वीर सपूतों को नमन और श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं। मुर्मू शनिवार को राजभवन में जिला प्रशासन और जेसोवा के तत्वावधान में आयोजित रांची रन अगेंस्ट कैंसर में यह बात कही। उन्‍होंने कहा कि कैंसर के प्रति जागरूक होकर इसका सामना किया जा सकता है। आज के परिपेक्ष्य में देखें तो महिलाएं इस रोग की चपेट में ज्यादा आ रही हैं। यह कैंसर ब्रह्मराक्षस की तरह फैलता है। शरीर की उचित देखभाल नहीं करने की वजह से आज कैंसर बड़ा रूप धारण कर रहा है। राज्‍यपाल मुर्मू ने कहा कि जेसोवा जैसी संस्था को इस नेक कार्य के लिए धन्यवाद। आपके इस जागरूकता कार्यक्रम से बहुत से लोगों के बीच कैंसर के प्रति जागरूक होंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि झारखंड की वीर भूमि से हमारे लाल विजय सोरेंग भी श्रीनगर में हुए आतंकी हमले में शहीद हुए हैं। मैं विजय सोरेंग सहित सभी शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उनकी शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। झारखंड सहित पूरा देश उनके साथ खड़ा है। पाकिस्तान को उसके घर में घुस कर जवाब दिया जाएगा और विजय पताका हम फहराएंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि देश में न रोग की कमी है और न ही रोगियों की। हमारा खानपान, दिनचर्या और स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही इन रोगों को आमंत्रण देता है। कैंसर पूरी दुनिया में तेजी से फैल रहा है। ऐसे में इसके प्रति लोगों को जागरूक करना जरूरी है। ऐसे कार्यक्रम का आयोजन होते रहना चाहिए, ताकि लोग अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हों। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस जागरूकता के अभाव में राज्य के गरीब लोग रोग की चपेट में आ जाते हैं। जेसोवा समेत अन्य सामाजिक संगठन इस ओर ध्यान दें। राज्य सरकार भी अपने स्तर से कार्य कर रही है। इस कार्यक्रम में आपने भाग लिया उसके लिए आप सभी को धन्यवाद। आपकी यह दौड़ जरूर लोगों में जागरूकता का संचार करेगा। जेसोवा की सचिव ऋचा संचिता ने स्वागत संबोधन करते हुए कहा कि यह कैंसर के प्रति लोगों को जागरूक करने की कोशिश है। झारखण्ड की महिलाओं में कैंसर ज्यादा देखने को मिल रहा है। इस मैराथन के माध्यम से कोशिश की गई ताकि घर की महिलाओं का समय समय पर जांच हो ताकि रांची और झारखण्ड से कैंसर को भगाया जा सके। दीप्ति जयराज ने धन्यवाद देते हुए सबके प्रति आभार प्रकट किया। रांची रन अगेंस्ट कैंसर में राजभवन से मोरहाबादी पहले पहुंचने वाले 14 वर्ष के अंदर उम्र के अभिषेक मुंडा, रोहित कुमार, रंजीत कुमार महतो, 14 साल से ऊपर के मुकुंद बांद्रा, संदीप उरांव, अनुपम डांग व लड़कियों में अंजू कुमारी, ऋतु कुमारी, पूनम कुमारी और 14 साल से कम उम्र की लड़कियों में नैना कुमारी और गुड़िया कुमारी को मुख्यमंत्री ने मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जेसोवा का वेबसाइट लांच किया। रक्तदान शिविर और कैंसर स्क्रीनिंग का आयोजन भी मोरहाबादी मैदान में जेसोवा द्वारा किया गया।जेसोवा और जिला प्रशासन के प्रशिक्षण से नगड़ी की ग्रामीण महिलाओं द्वारा तैयार तैयार किया गया टॉफ़ी मुख्यमंत्री को भेंट की गई, मुख्यमंत्री ने सराहना करते हुए लोगों से अपील किया कि वे इसे खरीदें ।मुख्यमंत्री ने कैंसर को मात देने वाली श्रीमती मिनसेन्ट चटर्जी को शॉल ओढ़ा कर सम्मनित किया।दौड़ से पहले पुलवामा में शहीद हुए वीर सैनिकों के प्रति 2 मिनट का मौन रख कर श्रद्धाजंलि भी दी गई। इस मौके पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ सुनील कुमार वर्णवाल, पथ निर्माण सचिव श् के के सोन, समाज कल्याण सचिव श हिमानी पांडे, पुलिस महानिरीक्षक अभियान आशीष बत्रा, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक कृपा नन्द झा, रांची के उपायुक्त राय महिमापत रे, रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक अनीश गुप्ता, जेसोवा से डॉ रेखा विद्यासागर, डॉ नमिता सिंह, ऋचा संचिता, मोनिका बत्रा, दीप्ति जयराज, मनु झा, रूचिका मंगला, स्टेफी टेरेसा मुर्मू, शीला मिश्रा, सुश्री गरिमा सिंह तथा स्व ममता के परिवार के सदस्य समेत अन्य उपस्थित थे।

This post has already been read 8818 times!

Sharing this

Related posts