बहुत जल्द रांची से हावड़ा के बीच दौड़ेगी वंदे भारत एक्सप्रेस

केंद्रीय रेल मंत्री से मिले सांसद संजय सेठ

मुरी, मैक्लुस्कीगंज और टाटीसिल्वे को मिलेगा ट्रेनों का ठहराव।

Ranchi : रांची हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात बहुत जल्द रांची को मिलने वाली है। रेलवे के द्वारा इसकी तैयारी भी पूरी की जा रही है। उक्त आशय की जानकारी सांसद संजय सेठ को केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने आज मुलाकात के दौरान दी। संसद के विशेष सत्र के दौरान सांसद श्री संजय सेठ ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से आज मुलाकात की। उन्हें रांची लोकसभा क्षेत्र में रेल यात्री सुविधा विस्तार के लिए पूर्व में दिए गए आग्रह पत्र से अवगत कराया। साथ ही इस पर सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया। इसके आलोक में केंद्रीय रेल मंत्री ने श्री सेठ को बताया कि रांची हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात बहुत जल्द रांची को दी जाएगी। इसकी पूरी संभावना है कि खुद माननीय प्रधानमंत्री इसे हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ करेंगे। सांसद श्री सेठ ने इस सौगात के बाद केंद्रीय रेल मंत्री को आभार जताया है और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को भी धन्यवाद दिया है। इस मुलाकात का क्रम में सांसद श्री सेठ ने केंद्रीय रेल मंत्री से आग्रह किया की रांची आकर यहां पर चल रही रेल परियोजनाओं की एक समीक्षा बैठक किया जाय, ताकि यहां रेलवे के कार्यों को और भी गति प्रदान हो सके। इस पर संसद को केंद्रीय रेल मंत्री ने आश्वस्त किया कि बहुत जल्द वह रांची आने की योजना बना रहे हैं। सभी योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। उसे और गति प्रदान की जाएगी। सांसद श्री सेठ ने केंद्रीय रेल मंत्री से मैक्लुस्कीगंज, मुरी और टाटीसिलवे में कोरोना काल से पहले चल रहे ट्रेनों के पुनः ठहराव का भी आग्रह किया। इस पर केंद्रीय मंत्री ने सांसद को बताया कि कई ट्रेनों का ठहराव रांची लोकसभा क्षेत्र को दिया जा चुका है। शीघ्र ही अन्य ट्रेनों का भी ठहराव आरंभ कर लिया जाएगा। इसके अलावा चुटिया में ओवरब्रिज निर्माण के मामले में भी सकारात्मक पहल किए जाने का आश्वासन केंद्रीय रेल मंत्री ने दिया है। इस मुलाकात के बाद सांसद श्री सेठ ने बताया कि रांची के लिए बड़ी खुशी की खबर है की रांची से हावड़ा के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस बहुत जल्द पटरी पर दौड़ेगी। रांची से कोलकाता के बीच की यात्रा और भी सुगम, सुखद और आसान हो सकेगी। इसके अलावा केंद्रीय रेल मंत्री ने रांची लोकसभा क्षेत्र में रेल यात्री सुविधाओं के विस्तार को लेकर भी गंभीरता दिखाई है। बहुत जल्द इसके सुखद परिणाम देखने को मिलेंगे।

This post has already been read 2625 times!

Sharing this

Related posts