बरियातू में असामाजिक तत्वों ने भगवान की प्रतिमा को किया क्षतिग्रस्त, लोगों ने किया सड़क जाम

रांची। रांची के बरियातू थाना क्षेत्र में डीएवी पब्लिक स्कूल के सामने स्थित राम जानकी मंदिर में असामाजिक तत्वों ने भगवान की चार प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किया है। घटना की जानकारी सोमवार सुबह हुई, जब मंदिर पुजारी रामदेव पांडे पूजा करने पहुंचे। इसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी आसपास के लोगों और पुलिस को दी।
स्थानीय लोगों ने बरियातू डीएवी पब्लिक स्कूल के पास घटना के विरोध में सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम के दौरान केवल एंबुलेंस को आने जाने का रास्ता दिया जा रहा था। अन्य गाड़ियों को आने-जाने नहीं दिया। सिटी एसपी राजकुमार मेहता, डीएसपी सदर प्रभात रंजन बरवार सहित रांची के कई थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझा कर लगभग पांच घंटे बाद जाम हटावाया गया।
मौके पर रांची के सांसद संजय सेठ, विधायक सीपी सिंह, कांके विधायक समरी लाल, भाजपा नेता प्रतुल शाहदेव सहित कई लोग मौजूद थे। सिटी एसपी, सांसद और विधायक ने अपने खर्चे से मूर्ति की स्थापना और प्राण प्रतिष्ठा करवाने का आश्वासन दिया है। साथ ही पुलिस ने 24 घंटे में घटना को अंजाम देने वाले असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार करने की बात कही है।
सिटी एसपी राजकुमार मेहता ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी टीम का गठन किया गया है। एफएसएल टीम ने मंदिर के अंदर से जांच के दौरान कई फिंगर प्रिंट्स के नमूने एकत्र किए हैं। सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को मिला है। पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।

This post has already been read 2474 times!

Sharing this

Related posts