झारखंड विधानसभा ने जॉर्ज के निधन पर शोक व्यक्त किया

रांची। झारखंड विधानसभा में मंगलवार को देश के पूर्व रक्षामंत्री जॉर्ज फर्नांडिस के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव ने सदन में जॉर्ज फर्नांडिस के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि ट्रेड यूनियन नेता के रूप में शुरुआत करने वाले जॉर्ज फर्नांडिस प्रखर राजनेता और पत्रकार रह चुके थे। एक व्यापारिक संघ के नेता, पत्रकार, राजनेता और भारत सरकार के मंत्री के तौर पर जॉज फर्नांडिस ने अपनी भूमिका का निर्वहन अत्यन्त कुशलतापूर्वक किया। मजदूरों के लिए जिंदगी भर संघर्ष करने वाले स्वर्गीय फर्नांडिस जनता दल के प्रमुख नेता हुए और उन्होंने समता पार्टी का गठन भी किया। अपने राजनीतिक जीवन में उन्होंने केन्द्र सरकार में कई महत्त्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेवारी संभाली। वे समय-समय पर संचार, उद्योग, रेलवे और रक्षा मंत्री भी हुए। उरांव ने कहा कि सन् 1974 के आपातकाल के घोर विरोधी फर्नांडिस के नेतृत्व में देश की सबसे लंबी रेलवे हड़ताल हुई थी। भारत की राजनीति में जॉर्ज फर्नांडिस का अहम योगदान रहा। समाजवादी आंदोलन में उनकी महत्त्वपूर्ण भूमिका के लिए देश उन्हें हमेशा याद रखेगा। राममनोहर लोहिया के सच्चे अनुयायी जॉर्ज फर्नांडिस की कमी लम्बे समय तक खलती रहेगी। हम ईश्वर से कामना करते हैं कि वे उनकी आत्मा को शांति दें तथा उनके परिजनों को शोक सहन करने की क्षमता प्रदान करें।

This post has already been read 8026 times!

Sharing this

Related posts