झारखंड को दूसरे वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने  9 वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई हरी

रांची। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार दोपहर 12:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 11 राज्यों के धार्मिक और पर्यटन स्थलों को जोड़ने वाली नौ वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन राज्यों में झारखंड, राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, बिहार, पश्चिम बंगाल, केरल, ओडिशा और गुजरात शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि वंदे भारत ट्रेन जल्द ही देश के हर हिस्से को कनेक्ट करेगी। देश में 25 वंदे भारत ट्रेनें पहले से ही चल रही हैं। अब उनमें नौ और ट्रेनें जोड़ी जाएंगी। उन्होंने कहा कि आज राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, बिहार, पश्चिम बंगाल, केरल, ओडिशा, झारखंड और गुजरात के लोगों को वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की सुविधा मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा आज जिन ट्रेनों को शुरू किया गया है, वे पहले की तुलना में ज्यादा आधुनिक और आरामदायक हैं। ये वंदे भारत ट्रेनें नए भारत के नए जोश, नए उत्साह और नई उमंग का प्रतीक है। मोदी ने कहा देश में आधुनिक कनेक्टिविटी विस्तार का यह अभूतपूर्व अवसर है। इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की यह गति और स्केल 140 करोड़ भारतीयों की आकांक्षाओं से बिल्कुल मैच कर रही हैं और यही आज का भारत चाहता है।
मोदी ने कहा हम सभी जानते हैं कि ऐसे कई रेलवे स्टेशन हैं जो पिछले कई सालों से विकसित नहीं हुए हैं। इन स्टेशनों को विकसित करने का काम चल रहा है। अमृत काल में बने नए स्टेशन ‘अमृत भारत स्टेशन’ कहलाए जाएंगे। उन्होंने कहा वंदे भारत ट्रेनों ने पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों में भी तेजी ला दी हैं। जिन जगहों पर वंदे भारत ट्रेन पहुंच रही हैं, वहां पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है। इससे वहां रोजगार के अवसर भी पैदा हो रहे हैं।  केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले 9 वर्षों में रेलवे सिस्टम में अभूतपूर्व परिवर्तन किया है। वंदे भारत ट्रेन के जरिये रांची-हावड़ा, पटना-हावड़ा और जामनगर-अहमदाबाद के बीच यात्रा का समय इन गंतव्यों के बीच वर्तमान में उपलब्ध सबसे तेज ट्रेन की तुलना में लगभग एक घंटे कम हो जाएगा।

सप्ताह में छह दिन चलेगी वंदे भारत ट्रेन

सीनियर डीसीएम निशांत कुमार ने बताया कि कार्यक्रम में शामिल होने के लिए राज्यपाल, मुख्यमंत्री, सांसद व विधायकों को आमंत्रण दिया गया था। कार्यक्रम सुबह 10.45 से शुरू हुआ। ट्रेन का सामान्य परिचालन 27 सितंबर से होगा। ट्रेन मंगलवार को छोड़ कर सप्ताह में छह दिन चलेगी। ट्रेन संख्या 20898 रांची से सुबह 5.15 बजे खुलेगी व मुरी, कोटशिला, पुरुलिया, चांडिल, टाटा व खड़गपुर होते हुए हावड़ा पहुंचेगी। हावड़ा से ट्रेन संख्या 20897 दोपहर 3.45 बजे खुलेगी और रात 10.50 बजे रांची पहुंचेगी। ट्रेन में बुकिंग शुरू है। रांची रेलवे स्टेशन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन, मंत्री हफीजुल हसन, सांसद संजय सेठ, आदित्य साहू, महुवा माझी, समीर उरांव मौजूद थे। राज्यपाल ने वंदे भारत में बैठे स्कूल के बच्चों से मिले और उन्हें चॉकलेट दी। उन्होंने कहा भारत आगे बढ़ रहा है और झारखंड उसे फॉलो कर रहा है। आज झारखंड को वंदे भारत की दूसरी कनेक्टिविटी मिली, जो हावड़ा-बंगाल तक जायेगी। बंगाल एक पोर्ट है। इससे कनेक्टिविटी ग्रोथ में मदद करेगी।

This post has already been read 4449 times!

Sharing this

Related posts