जार्ज फर्नांडीस का निधन भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति : आरएसएस

नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने पूर्व रक्षामंत्री जार्ज फर्नांडीस के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए इसे भारतीय राजनीति को हुई अपूरणीय क्षति बताया है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह सुरेश जोशी ने एक बयान जारी कर कहा कि सामाजिक जीवन में सादगी और शुचिता उनकी पहचान थी। आपातकाल का प्रखर विरोध हो, पोखरण में परमाणु विस्फोट हो अथवा करगिल युद्ध, साहसिक निर्णय लेना और कुशलता के साथ उन्हें निर्णायक परिणति तक पहुंचाना उनके चरित्र की विशेषता थी। जोशी ने कहा कि लोकतंत्र के प्रति प्रतिबद्धता के साथ साथ सभी विचारधाराओं के लोगों के साथ उनका समन्वय और स्वीकार्यता थी। अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में राजग संयोजक की भूमिका में वे परस्पर भिन्न विचारधारा के दलों को कुशलतापूर्वक साथ लेकर चले। उन्होंने कहा कि संघ उनके निधन को भारतीय राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति मानता है। उनकी आत्मा की सद्गति एवं शोक संतप्त परिजनों को धैर्य धारण की क्षमता प्रदान करने के लिए प्रभु से प्रार्थना करता है।

This post has already been read 7429 times!

Sharing this

Related posts