जमशेदपुर । प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा है कि झारखंड विधानसभा का चुनाव बैलेट पेपर से कराया जाना चाहिए क्योंकि ईवीएम पर पार्टी को भरोसा नहीं है। बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग को लेकर पार्टी जल्द ही निर्वाचन आयोग जायेगी।
वह सोमवार को जमशेदपुर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि रघुवर सरकार हर मोर्चे पर विफल है। मालिकाना हक के मुद्दे पर आदिवासियों को ठगा गया है। उन्होंने टाटा मोटर्स में लगातार हो रहे ब्लॉक क्लोजर और आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में आर्थिक मंदी पर केंद्र तथा राज्य सरकार निशाना साधा। उन्होंने इस स्थिति के केंद्र और राज्य सरकार की गलत नीतियों को जिम्मेवार ठहराया।
कांग्रेस अध्यक्ष के दो दिवसीय प्रवास के दौरान पार्टी के अंदर उत्पन्न गुटबाजी भी सामने आ गयी। इससे पहले रविवार को उस समय जमशेदपुर कांग्रेस की गुटबाजी सामने आ गय़ी थी जब झारखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार डॉ. रामेश्वर उरांव जमशेदपुर पहुंचे। दो गुटों में बंटकर कांग्रेसियों ने डॉक्टर उरांव का स्वागत किया। सोमवार को भी सर्किट हाउस में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के सामने ही दो गुटों में बंटे कांग्रेसी कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। इसके बाद रामेश्वर उरांव ने कार्यकर्ताओं को अनुशासन का पाठ पढ़ाया। उन्हेंने कहा कि पार्टी में अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह समय आपस में लड़ाई झगड़े का नहीं बल्कि य़ुद्ध का समय है और बिखर कर जीत संभव नहीं है। साथ ही डॉ रामेश्वर उरांव ने कहा कि पार्टी में बिखराव के मुद्दे पर मिल बैठकर बैठक करेंगे और सभी असंतुष्टों को एक मंच पर लाकर रहेंगे।
This post has already been read 6694 times!