रांची। भाजपा ने विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा है कि विपक्ष ने लगभग पांच वर्षों तक लगातार सदन में हंगामा ही किया है। विपक्ष हमेशा सदन में चर्चा से भागता रहा है और जनता की गाढ़ी कमाई को बर्बाद करने का काम किया है।
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता दीनदयाल वर्णवाल ने गुरुवार को प्रतिपक्ष के नेता हेमंत सोरेन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वह आज स्थानीय नीति की बात कर रहे हैं। जबकि स्थानीय नीति को लेकर ही हेमंत सोरेन ने अर्जुन मुंडा की सरकार गिराई थी और अपनी सरकार बनाई थी। लेकिन 14 महीने सरकार चलाने के बाद भी वह स्थानीय नीति परिभाषित नहीं कर पाये। उन्हें क्या हक है स्थानीय नीति पर बोलने की। वर्णवाल ने कहा कि रघुवर सरकार ने स्थानीय नीति लायी और करीब एक लाख झारखंडी लोगों को रोजगार देने का काम किया। इसमें 90 रोजगार स्थानीय लोगों को दिया गया। इसकी विस्तृत जानकारी पिछले विधानसभा सत्र में प्रस्तुत की गई थी। फिर भी हेमंत सोरेन अनर्गल आरोप लगाने का काम कर रहे हैं।
वर्णवाल ने कहा कि कांग्रेस का पतन हो चुका है। वह भी लगातार चर्चा से भागती रही, सदन में उसके सदस्यों ने हंगामा किया। कांग्रेस लोगों का ध्यान बांटने के लिए अब विधानसभा घेराव का नाटक कर रही है। जब कांग्रेस को सरकार बनाने का मौका मिला, तब उसने 38 सौ करोड़ का घोटाला कर बंदरबांट करने का काम किया था। उस घोटाले को जनता आज भी नहीं भूली है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पहले झारखंड की सवा तीन करोड़ जनता से माफी मांगनी चाहिए, जिसकी काली करतूत के कारण राज्य को 38 सौ करोड़ का नुकसान हुआ। वर्णवाल ने कहा कि रघुवर सरकार के विकासोन्मुखी कार्यक्रम के कारण झारखंड में उल्लास का वातावरण है। विकास की चाहत बढ़ गई है और लोगों का भाजपा में विश्वास बढ़ा है। उन्होंने कहा कि 2019 के चुनाव में पार्टी की बड़ी जीत के साथ राज्य में दोबारा रघुवर सरकार बनेगी।
This post has already been read 6648 times!