रांची। बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दाब का क्षेत्र बनने के कारण झारखंड में लगातार बारिश हो रही है। बुधवार से हो रही लगातार बारिश से आम जनजीवन ठहर गया है। इससे दीपावली और धनतेरस के बाजार पर भी अच्छा खासा असर पड़ा है। बारिश ने दीपावली के त्योहार को पूरी तरह से फीका कर दिया है। बाजार में सन्नाटा पसरा हुआ है। जबकि धनतेरस के कुछ दिन पहले से ही बाजारों चहल-पहल बढ़ जाती है, लेकिन इसबार बारिश ने धनतेरस के बाजार को बेरौनक कर दिया है। मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार अगले 36 घंटों तक बारिश होने का अनुमान है। रांची स्थित भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी राज्य के क्षेत्रों में 65 से मिलीमीटर से लेकर 115 मिलीमीटर बारिश होने की संभावना है। वहीं रविवार को दीपावली के दिन भी हल्के बादल छाए रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि झारखंड के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश होगी। जारी की गयी चेतावनी में कहा गया है कि रांची, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताडा, चतरा हजारीबाग, कोडरमा और गिरिडीह जिले में 65 से 204 मिमी तक तेज बारिश हो सकती है। राज्य के कई जिलों में मौसम के उतार-चढ़ाव से आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित है। गिरिडीह में बिजली आपूर्ति प्रभावित है। वहीं फसलों को नुकसान होने का भी अंदेशा है। बारिश को देखते हुए कई स्कूलों को बंद कर दिया गया है। शहर की बिजली व्यवस्था चरमरा गयी है। पेड़ गिरने से कई इलाकों में बिजली गुल है। नदी-तालाब लबालब भर गये हैं और सड़कों में जलजमाव हो गया है, इससे राहगीरों की परेशानी बढ़ गयी है। सड़कों पर नालियों का पानी बजबजा रहा है।
This post has already been read 6521 times!