सरकार का उद्देश्य किसानों के जीवन स्तर में सुधार करना है : सरयू राय

लोहरदगा। मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना की शुरुआत शनिवार को जिले में स्थानीय नगर भवन में हुई। कार्यक्रम में खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री सरयू राय ने कहा कि किसानों को आज मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना के अंतर्गत पहली किश्त दी जा रही है, जिसका उदेश्य वर्ष 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने की है।

उन्होंने कहा कि यह केंद्र व राज्य सरकार की महत्वकांक्षी योजना है, जिसके माध्यम से किसानों को सशक्त बनाने का कार्य किया जा रहा है। सरकार का उदेश्य किसान का शोषण रोकना और उनके जीवन स्तर में सुधार करना है।किसानों को भी कृषि के साथ-साथ कृषि से संबंधित अन्य कार्यों जैसे पशुपालन, वानिकी आदि करना चाहिए ताकि आय बढ़े। किसान इस देश के वास्तविक उत्पादनकर्ता हैं क्योंकि किसान एक दाना से 50 दाने का उत्पाद करता है। किसानों के लिए आज सरकार ने अपना समर्थन मूल्य बढ़ा दिया। किसान सरकार के ही धान खरीद केंद्र पर अपना धान बेचें तो कम मूल्य पर धान बेचे जाने की स्थिति से बचा जा सकता है। किसान को नये उपकरणों व अन्य कृषि संयंत्रों के साथ अपना सामंजस्य बिठाना चाहिए, ताकि वे कृषि कार्यों में बने रह सकें। कृषि देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। ग्रामीण क्षेत्रों में एक बड़ा परिवर्तन कृषि उपकरणों के आने से हुआ है। किसानों के पास एक मानव बल है जिसे हमें सबल बनाना है। 

कृषि कार्य के लिए ही उपयोग करें राशि : उपायुक्त 

उपायुक्त आकांक्षा रंजन ने कहा कि सरकार का उदे्श्य किसानों की आय वर्ष 2022 तक दोगुनी करना है। आठ अगस्त 2019  तक जिले के 17398 किसानों के खाते में डीबीटी के माध्यम से 6,70, 06,306 (छह करोड़ सत्तर लाख छह हजार तीन सौ छह रुपये) रुपए राशि हस्तांतरित कर दी गई है। अन्य किसानों को राशि हस्तांरित करने की प्रक्रिया जारी है। अबतक इस योजना के लिए 37796 किसानों ने अपना निबंधन कराया है। योजना के अंतर्गत सीमांत एवं लघु कृषकों को प्रति एकड़ पांच हजार रुपए के हिसाब से न्यूनतम पांच हजार रुपए और अधिकतम 25 हजार रुपए डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खाते में डाले जायेंगे। इसमें 1 डिसमिल से 1 एकड़ तक जमीन के लिए न्यूनतम 5 हजार रुपये और 1 एकड़ से ज्यादा जमीन के लिए पांच हजार रुपये प्रति एकड़ की दर से समानुपातिक राशि सीधे लाभुक के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से हस्तांरित की जायेगी।

कृषि सारथी रथ को किया गया रवाना

मंत्री द्वारा कृषि सारथी रथ को नगर भवन परिसर से सभी पंचायतों के लिए रवाना किया गया। कृषि सारथी रथ एलईडी स्क्रीनयुक्त रथ है, जिसमें अलग-अलग वीडियो के माध्यम से किसानों से संबंधित योजनाओं की जानकारी लगातार दी जायेगी। एलईडी वाहन जिले की सभी पंचायतों में जायेगा। 

This post has already been read 7925 times!

Sharing this

Related posts